Bharat Taxi App: अगर आप ओला, उबर या रैपिडो की बढ़ती कीमतों और सर्ज प्राइसिंग से परेशान हैं, तो सरकार ने आपके लिए बड़ा तोहफा तैयार किया है। 1 जनवरी 2026 यानि आज से पूरे देश में ‘भारत टैक्सी’ एप शुरू होने जा रहा है। गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने संसद में इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि यह प्लेटफॉर्म ड्राइवरों को प्राइवेट कंपनियों की गुलामी से मुक्त करेगा और सीधे यात्रियों से जोड़ेगा।
क्या है भारत टैक्सी?
‘भारत टैक्सी’ कोई साधारण एप नहीं है। इसे सहकार टैक्सी कोऑपरेटिव लिमिटेड चलाएगा और यह दुनिया का पहला नेशनल मोबिलिटी प्लेटफॉर्म होगा, जिसका मालिकाना हक पूरी तरह ड्राइवरों के पास होगा। AMUL, IFFCO, NABARD, NAFED, NDDB और KRIBHCO जैसी संस्थाओं ने मिलकर इसे तैयार किया है। फिलहाल, दिल्ली और गुजरात में 51,000 से ज्यादा ड्राइवर जुड़ चुके हैं।
ड्राइवर्स को मिलेगा 0% कमीशन
ओला-उबर में ड्राइवरों की कमाई का 20%-30% हिस्सा कमीशन के तौर पर कट जाता है। भारत टैक्सी में कमीशन 0% होगा। यानी यात्रियों का पूरा किराया सीधे ड्राइवर की जेब में जाएगा। इसके अलावा, ड्राइवर्स को मुनाफे में हिस्सा, वार्षिक डिविडेंड और इंश्योरेंस जैसी सुविधाएं भी मिलेंगी।
यात्रियों के लिए फायदे
पीक ऑवर्स में किराया अचानक बढ़ना (सर्ज प्राइसिंग) अब खत्म। भारत टैक्सी में किराया हमेशा तय और पारदर्शी रहेगा। दिल्ली पुलिस के साथ साझेदारी में सुरक्षा का मजबूत ढांचा तैयार किया गया है, जिसमें लाइव लोकेशन शेयरिंग और ड्राइवर वेरिफिकेशन शामिल है।
सभी विकल्प एक ही ऐप में
बाइक, रिक्शा, टैक्सी या बड़ी गाड़ी अब अलग-अलग एप्स की जरूरत नहीं। भारत टैक्सी में सभी विकल्प उपलब्ध हैं। 24×7 तकनीकी सहायता और कस्टमर केयर भी यात्रियों और ड्राइवरों के लिए मौजूद रहेगा।
कैसे करें डाउनलोड?
सॉफ्ट लॉन्च पहले ही दिल्ली और गुजरात में हो चुका है। एप को Google Play Store और Apple App Store से डाउनलोड किया जा सकता है। यात्रियों के लिए Bharat Taxi और ड्राइवरों के लिए Bharat Taxi Driver नाम से अलग एप उपलब्ध हैं। सरकार के मुताबिक, यह पहल न सिर्फ ग्रामीण इलाकों में समृद्धि लाएगी बल्कि युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा करेगी।
ये भी पढ़ें: नए साल से पहले दिल्ली-NCR वालों के लिए खुशखबरी! PNG के दाम में बड़ी कटौती, अब और भी सस्ती होगी घरेलू गैस

