Bengal Gita recitation : पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में आज हिंदुओं के आध्यात्मिक जागरण के लिए भगवद् गीता का पाठ आयोजित किया गया है। आयोजकों के अनुसार इसमें करीब पांच लाख श्रद्धालु शामिल होंगे। इस कार्यक्रम में योग गुरु बाबा रामदेव, धार्मिक गुरु धीरेन्द्र शास्त्री और कार्तिक महाराज भी मौजूद रहेंगे और श्रद्धालुओं को संबोधित करेंगे।
‘सनातन संस्कृति संसद’ के प्रवक्ता ने बताया कि राज्यपाल सी.वी. आनंद बोस भी इस अवसर पर मौजूद रह सकते हैं। आयोजकों ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को भी निमंत्रण भेजा है, लेकिन अब तक उनके कार्यालय की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। पाठ में भगवद् गीता के प्रथम, नवम और 18वें अध्याय का अध्ययन शामिल होगा।
सांप्रदायिक सद्भाव का संदेश
आयोजक कार्तिक महाराज ने कहा कि इस गीता पाठ का उद्देश्य सांप्रदायिक सद्भाव और आध्यात्मिक जागरूकता फैलाना है।
मुर्शिदाबाद में बाबरी मस्जिद की नींव
यह कार्यक्रम उस समय हो रहा है जब मुर्शिदाबाद के बेलडांगा में तृणमूल कांग्रेस के निष्कासित विधायक हुमायूं कबीर ने बाबरी मस्जिद की नींव रखी थी। इस कार्यक्रम में चार लाख लोगों के शामिल होने का दावा किया गया। भारी सुरक्षा के बीच कबीर ने मौलवियों के साथ मंच पर फीता काटा। उन्होंने कहा कि यह उनका संवैधानिक अधिकार है और बाबरी मस्जिद बनाई जाएगी।
सवाल और चिंता
एक तरफ गीता पाठ का आयोजन धार्मिक और आध्यात्मिक संदेश देता नजर आ रहा है, वहीं बाबरी मस्जिद की नींव को लेकर सांप्रदायिक विवाद और सवाल उठ रहे हैं। प्रदेश में दोनों कार्यक्रमों को देखते हुए पुलिस, केंद्रीय बल और सुरक्षा एजेंसियों की कड़ी निगरानी रखी गई है।

