Telangana Road Name Change: तेलंगाना की राजनीति में अचानक हलचल तेज हो गई है। मुख्यमंत्री (CM) ए. रेवंत रेड्डी ने हैदराबाद की उस सड़क का नाम बदलने का प्रस्ताव रखा है जो सीधे अमेरिका के महावाणिज्य दूतावास तक जाती है। उनका सुझाव है कि इस मार्ग को ‘डोनाल्ड ट्रंप एवेन्यू’ नाम दिया जाए। यह पहल तेलंगाना राइजिंग ग्लोबल समिट में चर्चा का केंद्र बनी रही, जिसे कई लोग अंतरराष्ट्रीय सुर्खियां बटोरने की रणनीति के रूप में देख रहे हैं।
औद्योगिक योगदान को मान्यता
हैदराबाद में पहले भी तकनीकी व औद्योगिक योगदान को मान्यता देते हुए कई मार्गों और स्थानों का नाम वैश्विक कंपनियों के नाम पर रखा गया है, जैसे गूगल स्ट्रीट, माइक्रोसॉफ्ट रोड और विप्रो जंक्शन। इसी परंपरा का हवाला देते हुए सीएम रेवंत का दावा है कि ट्रंप प्रशासन के साथ बढ़ते वैश्विक संबंधों के प्रतीक के तौर पर यह कदम अहम साबित हो सकता है। यदि यह प्रस्ताव साकार होता है, तो दुनिया में पहली बार किसी देश ने किसी मौजूदा अमेरिकी राष्ट्रपति के सम्मान में किसी सड़क का नाम रखा होगा।
गैर-जरूरी प्रचार स्टंट
लेकिन यह घोषणा भाजपा (BJP) को रास नहीं आई। पार्टी ने इस फैसले को “गैर-जरूरी प्रचार स्टंट” बताते हुए तीखा हमला बोला है। केंद्रीय मंत्री और तेलंगाना BJP सांसद बंदी संजय कुमार ने सोशल मीडिया पर तंज कसते हुए कहा कि अगर राज्य सरकार को नाम बदलने का इतना ही शौक है तो पहले हैदराबाद का नाम बदलकर भाग्यनगर कर देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि एक तरफ राज्य सरकार राजनीतिक हस्तियों की AI मूर्तियां बनवाने और ट्रेंडिंग नामों से जगहों को सजाने में लगी है, जबकि दूसरी तरफ BJP ही अकेली पार्टी है जो जमीनी मुद्दों पर संघर्ष कर रही है।
इस नए नामकरण प्रस्ताव ने न सिर्फ राज्य की राजनीति में नई बहस छेड़ी है, बल्कि आने वाले दिनों में यह फैसला किस दिशा में जाएगा, इस पर भी सभी की निगाहें टिक गई हैं।
ये भी पढ़े: वंदे मातरम के 150 साल : संसद में आज पीएम मोदी की खास बातचीत, जानिए क्यों है महत्वपूर्ण

