Rahul Gandhi’s allegation : कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने एक बार फिर भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर वोट चोरी का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि पूरा चुनाव चोरी किया गया और नरेंद्र मोदी चुनाव चोरी करके प्रधानमंत्री बने हैं।
‘हमारे पास सबूत हैं’ – राहुल गांधी
राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस के पास इस बात के बहुत सारे सबूत हैं और पार्टी अब धीरे-धीरे इन सबूतों को सामने लाएगी।उन्होंने कहा कि हम भारत के युवाओं को दिखाएंगे कि भाजपा वोट चोरी करती है। हरियाणा का चुनाव असली चुनाव नहीं था, वहां बड़े पैमाने पर गड़बड़ी हुई है।
राहुल गांधी ने दावा किया कि हरियाणा विधानसभा चुनाव में मतदाता सूची में करीब 25 लाख फर्जी नाम जोड़े गए थे और चुनाव आयोग ने भाजपा की मदद की, ताकि पार्टी की जीत सुनिश्चित हो सके।
‘चुनाव आयोग और भाजपा एक साथ काम कर रहे हैं’
राहुल गांधी ने कहा कि उनके लगाए गए आरोपों पर अब तक चुनाव आयोग ने कोई जवाब नहीं दिया है, जबकि भाजपा लगातार आयोग का बचाव कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा उनके आरोपों को गलत साबित नहीं कर पा रही है।
‘संविधान पर हमला हो रहा है’ – राहुल गांधी
लोकसभा में विपक्ष के नेता ने कहा कि देश में संविधान पर हमला किया जा रहा है। उन्होंने कहा- संविधान कहता है – एक आदमी, एक वोट। लेकिन हरियाणा में ऐसा नहीं हुआ। वहां एक ही व्यक्ति के कई वोट दर्ज थे। कुछ लोगों के नाम पर एक ही बूथ में कई वोट डाले गए।
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि ऐसा ही काम बिहार, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और गुजरात में भी किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी, अमित शाह और चुनाव आयोग मिलकर लोकतंत्र और संविधान को कमजोर कर रहे हैं।
भाजपा का पलटवार
भाजपा ने राहुल गांधी के सभी आरोपों को झूठा और बेबुनियाद बताया है। पार्टी ने कहा कि राहुल गांधी अपनी राजनीतिक नाकामी छिपाने के लिए लोकतंत्र को बदनाम कर रहे हैं।

