होम = देश = राष्ट्रपति मुर्मू ने सबरीमाला मंदिर में सिर पर रखीं सफेद पोटली, क्या है ये पोटली?  

राष्ट्रपति मुर्मू ने सबरीमाला मंदिर में सिर पर रखीं सफेद पोटली, क्या है ये पोटली?  

by | Oct 22, 2025 | देश

President Murmu visits Sabarimala Temple : हाल ही में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने केरल के सबरीमाला मंदिर में भगवान अयप्पा के दर्शन किए। इस दौरान उनके सिर पर सफेद रंग की एक पोटली दिखाई दी, जिसने देशभर में लोगों की जिज्ञासा बढ़ा दी। यह पोटली ‘इरुमुडी’ कहलाती है और सबरीमाला की तीर्थयात्रा में इसका अत्यंत धार्मिक महत्व है।

क्या है इरुमुडी?

‘इरुमुडी’ दो शब्दों से मिलकर बना है — ‘इरु’ यानी दो और ‘मुड़ी’ यानी गठरी या पोटली। यह वस्तुतः एक विशेष वस्त्र में बनाई गई दो भागों वाली पोटली होती है, जिसे भगवान अयप्पा के भक्त अपनी तीर्थयात्रा के दौरान सिर पर रखकर मंदिर तक ले जाते हैं।

इरुमुडी का धार्मिक महत्व

सबरीमाला मंदिर की 18 पवित्र सीढ़ियों पर चढ़ने के लिए इरुमुडी अनिवार्य मानी जाती है। इसके बिना भक्त मंदिर के गर्भगृह में प्रवेश नहीं कर सकते। इसका अग्रभाग (मुनमुडी) भगवान अयप्पा के लिए होता है जिसमें प्रसाद और पूजन सामग्री रखी जाती है। पीछे का भाग (पिनमुडी) यात्री के व्यक्तिगत उपयोग की वस्तुओं के लिए होता है। यह दो भागों की पोटली इस बात का प्रतीक मानी जाती है कि भक्त और भगवान अब अलग नहीं हैं – यह एक आध्यात्मिक एकता का बोध कराती है।

इरुमुडी में क्या होता है?

इस पवित्र पोटली में कई विशिष्ट वस्तुएं रखी जाती हैं, जो भक्ति और शुद्धता का प्रतीक होती हैं:

घी भरा नारियल – सबसे पवित्र वस्तु, जो मन की शुद्धि का प्रतीक है

कानी पोनू, चावल, शहद, हल्दी, कुमकुम, कपूर, विभूति

पान-सुपारी, गुलाब जल, अगरबत्ती, गोल्डन थाली, गुड़, मीठा चावल का गोला (अक्की उंडे)

नारियल पानी सहित (3 संख्या), चंदन पाउडर, हल्दी की डाली, काली मिर्च, चीनी के क्रिस्टल आदि

प्रत्येक वस्तु का एक गहरा आध्यात्मिक और सांकेतिक महत्व है।

आध्यात्मिकता का प्रतीक

इरुमुडी बनाते समय भक्त संसारिक मोह, ऐश्वर्य और भौतिक सुखों को त्याग कर एक शुद्ध जीवन की ओर बढ़ने की प्रतिज्ञा करता है। यह संपूर्ण प्रक्रिया एक आध्यात्मिक साधना का रूप ले लेती है।

राष्ट्रपति की श्रद्धा बनी प्रेरणा

राष्ट्रपति मुर्मू द्वारा इरुमुडी के साथ भगवान अयप्पा के दर्शन करने से यह परंपरा एक बार फिर चर्चा में आ गई है। उनकी यह श्रद्धा और परंपरा के प्रति सम्मान आस्था से जुड़ी मान्यताओं को नए सिरे से जागृत कर रहा है।

ये भी पढ़े : सोने की चाल हुई बेहाल! 12 साल की सबसे बड़ी गिरावट, दिवाली के बाद बाज़ार में मचा हड़कंप