Pm Narendra modi birthday : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 75वां जन्मदिन इस बार खास तरीके से मनाया जाएगा. 17 सितंबर को 75 वर्ष के हो रहे प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन से लेकर 2 अक्टूबर तक भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सेवा पखवाड़ा का आयोजन करेगी. पार्टी सूत्रों के मुताबिक,इस बार सेवा पखवाड़े का मुख्य फोकस पीएम मोदी के जीवन राजनीतिक करियर और उपलब्धियों पर रहेगा.
सेमिनार और डॉक्यूमेंट्री की तैयारी
सेवा पखवाड़े के दौरान विभिन्न सेमिनार आयोजित किए जाएंगे, जिनमें भाजपा नेता प्रधानमंत्री के गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर प्रधानमंत्री बनने तक के सफर और उनकी उपलब्धियों पर चर्चा करेंगे. इसके अलावा पीएम मोदी के जीवन पर एक डॉक्यूमेंट्री भी तैयार की जा रही है, जिसे अलग-अलग कार्यक्रमों में दिखाया जाएगा. पार्टी कार्यकर्ताओं और आम लोगों को मोदी पर लिखी गई चुनिंदा किताबें भी वितरित की जाएंगी.
नमो पार्क और नमो वन की शुरुआत
रिपोर्ट के अनुसार शहरी इलाकों में नगर निकाय नमो पार्क और नमो वन विकसित करेंगे. यहां लोग पौधारोपण कर सकेंगे. मौजूदा पार्कों को अपग्रेड कर नमो पार्क बनाया जाएगा और 50 एकड़ जमीन पर बड़े पैमाने पर पौधारोपण कर नए नमो वन तैयार किए जाएंगे. शुरुआती विचार इन्हें मोदी पार्क और मोदी वन नाम देने का था,लेकिन संभावित आलोचना को देखते हुए इसे बदला गया.
इन लोगों पर कार्यक्रम की जिम्मेदारी
भाजपा ने तैयारियों की निगरानी के लिए नेताओं की एक विशेष टीम बनाई है,जिसमें राष्ट्रीय महासचिव सुनील बंसल, राधा मोहन दास अग्रवाल, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डी.के. अरुणा, सचिव अरविंद मेनन, अल्का गुर्जर और संयुक्त कोषाध्यक्ष नरेश बंसल शामिल हैं. ये नेता अलग-अलग राज्यों में सेवा पखवाड़े की गतिविधियों को समन्वित करेंगे.
स्वास्थ्य शिविर, रक्तदान और मैराथन
पार्टी देशभर के प्राथमिक और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर स्वास्थ्य जांच और रक्तदान शिविर लगाएगी. इस संबंध में भाजपा अध्यक्ष और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा राज्यों के स्वास्थ्य मंत्रियों से चर्चा करेंगे. भाजपा युवा मोर्चा भी 1,000 से ज्यादा जगहों पर 3 और 5 किलोमीटर की मैराथन आयोजित करेगा. साथ ही मोदी सरकार के 11 साल पूरे होने पर एक राष्ट्रीय स्तर की चित्रकला प्रतियोगिता भी होगी. भाजपा सूत्रों का कहना है कि इन आयोजनों का उद्देश्य प्रधानमंत्री मोदी के योगदान को रेखांकित करना और सेवा कार्यों के माध्यम से जनता से जुड़ाव बढ़ाना है.

