Delhi Airport : दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे (IGI) पर शुक्रवार को एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) सिस्टम में अचानक तकनीकी खराबी आने से हवाई संचालन प्रभावित हो गया। इस वजह से आने और जाने वाली उड़ानों दोनों में देरी हो रही है। एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार, ATC में सॉफ्टवेयर संबंधी समस्या के कारण लगभग 100 से अधिक उड़ानें लेट हुई हैं।
कई एयरलाइनों की उड़ानें प्रभावित, यात्रियों को परेशानी
खामी का असर कई घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर पड़ा है। स्पाइसजेट, इंडिगो, एयर इंडिया समेत कई एयरलाइनों की सेवाएं बाधित हुई हैं। अचानक देरी के कारण यात्रियों को लंबे इंतज़ार और असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
एयरपोर्ट प्रशासन ने दी जानकारी
दिल्ली एयरपोर्ट प्राधिकरण की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि ATC प्रणाली में तकनीकी समस्या के कारण उड़ान संचालन में देरी हो रही है। एयरपोर्ट की टीम DIAL और अन्य एजेंसियों के साथ मिलकर इसे जल्द ठीक करने में जुटी है।”
एयरपोर्ट प्रबंधन ने यात्रियों से धैर्य और सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि वे अपनी उड़ानों की जानकारी के लिए संबंधित एयरलाइनों से संपर्क में रहें।
AMSS सिस्टम में आई तकनीकी दिक्कत
एयरपोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) ने बताया कि यह गड़बड़ी ऑटोमैटिक मैसेज स्विचिंग सिस्टम (AMSS) में आई है — यह सिस्टम एयर ट्रैफिक कंट्रोल डेटा को सपोर्ट करता है।
“कंट्रोलर फिलहाल फ्लाइट प्लान को मैन्युअल रूप से प्रोसेस कर रहे हैं, जिससे संचालन में देरी हो रही है। हमारी तकनीकी टीमें सिस्टम को जल्द बहाल करने में लगी हैं,” – AAI ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया।
यात्रियों के लिए अपील
एयरपोर्ट प्रशासन ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे एयरपोर्ट आने से पहले अपनी उड़ान की स्थिति जांच लें और अपनी एयरलाइन की वेबसाइट या हेल्पलाइन पर ताज़ा अपडेट प्राप्त करें।
स्थिति पर नजर
तकनीकी टीमें लगातार समस्या के समाधान में जुटी हैं। उम्मीद की जा रही है कि कुछ ही घंटों में ATC सिस्टम सामान्य रूप से काम करने लगेगा और उड़ान संचालन फिर से पटरी पर लौट आएगा।

