Noida road accident: नोएडा के थाना सेक्टर 49 के इलाके से सोमवार-रविवार की रात एक गंभीर सड़क हादसे की खबर सामने आई है। जानकारी के मुताबिक, एक जैगुआर कार का चालक ट्रक को ओवरटेक करने की कोशिश कर रहा था, तभी अचानक कार का संतुलन बिगड़ गया। संतुलन खोने के कारण कार और ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हुई, जिसमें 19 वर्षीय फलक अहमद की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, कार में सवार तीन अन्य लोग घायल हुए हैं, जिनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस ने बताया कि हादसा उस समय हुआ जब कार ट्रक को ओवरटेक कर रही थी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि जैगुआर कार के परखच्चे उड़ गए। कार में सवार कुल चार लोग थे, जिसमें से फलक अहमद की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनका इलाज जारी है।
पुलिस के अनुसार, हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि ट्रक की पहचान कर आरोपी चालक को गिरफ्तार किया जा सके। फिलहाल, पुलिस पूरी तरह से मामले की जांच में जुटी हुई है।
