Flight Ticket New Rules: हवाई यात्रा करने वालों के लिए बड़ी राहत की खबर है। नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने नए नियम लागू करते हुए एयरलाइंस की मनमानी पर लगाम कस दी है। अब फ्लाइट में सीट चुनने से लेकर परिवार के साथ बैठने तक, यात्रियों को कई अहम सुविधाएं मिलने वाली हैं।
अब फ्री में चुन सकेंगे सीट
नए नियमों के तहत DGCA ने एयरलाइंस को निर्देश दिया है कि हर फ्लाइट की कम से कम 60% सीटें बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के यात्रियों को उपलब्ध कराई जाएं। इसका मतलब साफ है, अब सामान्य सीट चुनने के लिए आपको अलग से पैसे नहीं देने होंगे। यह कदम वेब चेक-इन के नाम पर हो रही अतिरिक्त वसूली को रोकने के लिए उठाया गया है।
परिवार अब नहीं होगा अलग
अक्सर देखा जाता है कि एक ही बुकिंग (PNR) होने के बावजूद परिवार के सदस्य अलग-अलग सीटों पर बैठते हैं। अब नए नियम के मुताबिक, अगर एक ही PNR पर टिकट बुक है, तो एयरलाइंस को यात्रियों को साथ या पास-पास बैठाने की व्यवस्था करनी होगी। इससे बच्चों और बुजुर्गों के साथ यात्रा करना आसान हो जाएगा।
देरी और कैंसिलेशन पर सख्ती
उड़ान में देरी, कैंसिलेशन या बोर्डिंग से मना करने जैसी स्थितियों में अब एयरलाइंस को सख्त नियमों का पालन करना होगा। यात्रियों के अधिकारों को स्पष्ट रूप से बताना भी जरूरी होगा-
• वेबसाइट
• मोबाइल ऐप
• टिकट बुकिंग प्लेटफॉर्म
• एयरपोर्ट काउंटर
सभी जगह इन नियमों की जानकारी दिखाना अनिवार्य किया गया है, ताकि हर यात्री अपने अधिकार समझ सके।
सामान और पालतू जानवरों पर स्पष्ट नियम
सरकार ने यात्रियों के सामान से जुड़े नियमों को भी अधिक पारदर्शी बनाने पर जोर दिया है।
• भारी खेल उपकरण
• म्यूजिकल इंस्ट्रूमेंट
इनको ले जाने की प्रक्रिया अब साफ और आसान होगी (सुरक्षा नियमों के तहत)।
साथ ही, पालतू जानवरों के साथ यात्रा करने वालों के लिए भी एयरलाइंस को स्पष्ट पॉलिसी बनानी होगी।
“उड़ान यात्री कैफे” से सस्ता सफर
यात्रियों की सुविधा बढ़ाने के लिए सरकार ने उड़ान यात्री कैफे की शुरुआत की है।
यहां बेहद कम कीमत में खाने-पीने की चीजें मिल रही हैं-
• चाय और पानी: ₹10
• हल्का नाश्ता: ₹20
इस पहल का उद्देश्य हवाई यात्रा को आम लोगों के लिए ज्यादा किफायती बनाना है। फिलहाल ये कैफे कई एयरपोर्ट पर शुरू हो चुके हैं और आगे विस्तार की योजना है।
क्या बदलेगा यात्रियों के लिए?
इन नए नियमों के लागू होने के बाद हवाई सफर पहले से ज्यादा आसान, पारदर्शी और किफायती हो जाएगा। अब सवाल यह है की क्या एयरलाइंस इन नियमों का पूरी तरह पालन करेंगी, या फिर यात्रियों को अभी और इंतजार करना होगा?
ये भी पढ़ें: चार्जिंग बनी मौत का कारण, इंदौर में इलेक्ट्रिक कार से लगी आग, सिलिंडर धमाकों में 8 की मौत

