Rule Change 1st January: नए साल 2026 की शुरुआत जहां उम्मीदों और नए संकल्पों के साथ होती है, वहीं 1 जनवरी की सुबह आम लोगों के लिए महंगाई और नियमों में बदलाव की बड़ी खबरें लेकर आई है। साल के पहले ही दिन ऐसे कई फैसले लागू हो गए हैं, जिनका असर सीधे घर की रसोई, सफर, कार खरीद और बैंकिंग पर पड़ने वाला है। कुछ मोर्चों पर राहत है, तो कुछ पर तगड़ा झटका। आइए विस्तार से जानते हैं 1 जनवरी 2026 से लागू हुए पांच बड़े बदलाव, जो हर घर और हर जेब को प्रभावित करेंगे।
पहला झटका: LPG सिलेंडर की कीमत बढ़ी
नए साल की शुरुआत महंगाई के झटके के साथ हुई है। ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने 19 किलो वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में 111 रुपये तक की बढ़ोतरी कर दी है। इसके बाद दिल्ली में इसकी कीमत बढ़कर 1691.50 रुपये, मुंबई में 1642.50 रुपये, कोलकाता में 1795 रुपये और चेन्नई में 1849.50 रुपये हो गई है। हालांकि, राहत की बात यह है कि 14 किलो वाले घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है और ये पुराने रेट पर ही मिल रहा है। वहीं दिल्ली-एनसीआर के लोगों को PNG के मोर्चे पर राहत मिली है, जहां घरेलू PNG की कीमतों में 70 पैसे प्रति SCM की कटौती की गई है।
दूसरा बदलाव: हवाई सफर हो सकता है सस्ता
जहां रसोई का खर्च बढ़ा है, वहीं हवाई यात्रियों के लिए अच्छी खबर आई है। एयर टर्बाइन फ्यूल (ATF) की कीमतों में बड़ी कटौती की गई है। दिल्ली, मुंबई, कोलकाता और चेन्नई चारों महानगरों में जेट फ्यूल के दाम घटे हैं। ATF सस्ता होने से एयरलाइंस की परिचालन लागत कम होती है, जिससे आने वाले दिनों में हवाई टिकट के दाम घटने की संभावना बढ़ जाती है। यानी जो लोग नए साल में ट्रैवल का प्लान बना रहे हैं, उनके लिए यह राहत भरी खबर है।
तीसरा बदलाव: कार खरीदना हुआ महंगा
1 जनवरी 2026 से कार खरीदना अब और महंगा हो गया है। कई बड़ी ऑटो कंपनियों ने बढ़ती इनपुट कॉस्ट और ऑपरेशनल खर्च का हवाला देते हुए कीमतें बढ़ा दी हैं। मर्सिडीज-बेंज ने अपने सभी मॉडलों की कीमतें 2% तक बढ़ाई हैं, BMW ने 3% की बढ़ोतरी की है। MG Motors, Nissan, Renault और BYD जैसी कंपनियां भी अपने वाहनों के दाम बढ़ा चुकी हैं या बढ़ाने जा रही हैं। ऐसे में अगर आप नई कार खरीदने की सोच रहे थे, तो अब जेब पर ज्यादा बोझ पड़ेगा।
चौथा बदलाव: ऑस्ट्रेलिया को निर्यात पर जीरो टैरिफ
नए साल की शुरुआत भारतीय व्यापार के लिए बड़ी खुशखबरी लेकर आई है। भारत-ऑस्ट्रेलिया व्यापार समझौते के तहत 1 जनवरी 2026 से ऑस्ट्रेलिया ने भारत से जाने वाले सभी उत्पादों पर टैरिफ पूरी तरह खत्म कर दिया है। इस फैसले से भारतीय निर्यातकों को बड़ा फायदा होगा और भारत से ऑस्ट्रेलिया जाने वाली 100% वस्तुएं अब बिना किसी शुल्क के निर्यात की जा सकेंगी। इससे देश की अर्थव्यवस्था और व्यापार को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
पांचवां बदलाव: जनवरी में बंपर बैंक छुट्टियां
जनवरी 2026 में बैंक ग्राहकों को पहले महीने में ही लंबी छुट्टियों का सामना करना पड़ेगा। RBI की सूची के मुताबिक इस महीने करीब 16 दिन बैंक बंद रहेंगे। मकर संक्रांति, गणतंत्र दिवस और अन्य त्योहारों के कारण अलग-अलग राज्यों में छुट्टियां रहेंगी। हालांकि, डिजिटल बैंकिंग सेवाएं 24×7 चालू रहेंगी, जिससे ऑनलाइन ट्रांजैक्शन और जरूरी काम किए जा सकेंगे।
1 जनवरी 2026 से लागू ये बदलाव साफ दिखाते हैं कि नया साल राहत और चुनौती दोनों लेकर आया है। गैस और कार महंगी हुई हैं, लेकिन हवाई सफर और व्यापार को लेकर उम्मीद जगी है। ऐसे में नए साल में बजट और प्लानिंग पहले से ज्यादा जरूरी हो गई है।

