Neeraj Chopra : 22 अक्टूबर 2025 को आयोजित इस पिपिंग समारोह में रक्षा मंत्री ने नीरज चोपड़ा को प्रादेशिक सेना (Territorial Army) में लेफ्टिनेंट कर्नल के मानद पद का प्रतीक चिन्ह भेंट किया। इस दौरान राजनाथ सिंह ने नीरज और उनके परिवार से बातचीत करते हुए कहा कि नीरज चोपड़ा देश की उस भावना के प्रतीक हैं जो दृढ़ता, देशभक्ति और उत्कृष्टता के लिए निरंतर प्रयास करती है।
नीरज का सेना से गहरा नाता
राजपत्र के अनुसार, नीरज की यह नियुक्ति 16 अप्रैल 2025 से प्रभावी मानी जाएगी। वे 26 अगस्त 2016 को भारतीय सेना में नायब सूबेदार के रूप में शामिल हुए थे। उनकी प्रतिभा को देखते हुए उन्हें कई मौकों पर पदोन्नति मिली।
2018: अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित
2021: खेल रत्न पुरस्कार से सम्मानित
2021: सूबेदार पद पर पदोन्नति
2022: परम विशिष्ट सेवा मेडल और पद्म श्री पुरस्कार से सम्मानित
2022: सूबेदार मेजर के पद पर पदोन्नति
वर्ल्ड चैंपियनशिप में निराशा, अब एशियन गेम्स पर फोकस
हाल ही में नीरज चोपड़ा ने वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप में अपने खिताब का बचाव करने की कोशिश की, लेकिन वे केवल 84.03 मीटर के सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ आठवें स्थान पर रहे। वहीं भारत के सचिन यादव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 86.27 मीटर का थ्रो किया और चौथे स्थान पर रहे। नीरज ने प्रदर्शन के बाद कहा कि उन्हें पीठ में हल्की समस्या थी, लेकिन यह भी स्वीकार किया कि “यही जीवन और खेल का हिस्सा है।”
अब नीरज की नजरें एशियन गेम्स 2026 पर हैं, जहां उन्हें पाकिस्तान के अरशद नदीम से कड़ी चुनौती मिलने की संभावना है। देशभर के खेलप्रेमी उम्मीद कर रहे हैं कि भारतीय सेना के लेफ्टिनेंट कर्नल नीरज चोपड़ा एक बार फिर गोल्ड जीतकर तिरंगे को ऊँचा लहराएँगे।

