AI Data Center : अडानी ग्रुप (Adani Group) और गूगल (Google) भारत में एक बड़ी साझेदारी करने जा रहे हैं। दोनों कंपनियां मिलकर आंध्र प्रदेश के शहर विशाखापट्टनम में देश का सबसे बड़ा एआई डेटा सेंटर कैंपस स्थापित करेंगी।
अडानी एंटरप्राइज़ेज़ की संयुक्त उद्यम कंपनी अडानीकॉनेक्स (AdaniConnex) और गूगल ने इस परियोजना की घोषणा की है। यह साझेदारी भारत में एआई हब और ग्रीन एनर्जी इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम मानी जा रही है।
इस परियोजना के तहत 2026 से 2030 के बीच लगभग 15 बिलियन डॉलर (करीब 1.3 लाख करोड़ रुपये) का निवेश किया जाएगा।
सुंदर पिचाई ने पीएम मोदी को दी जानकारी
गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई (Sundar Pichai) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) से फोन पर बातचीत कर इस परियोजना के बारे में जानकारी दी।
पिचाई ने सोशल मीडिया पर लिखा
“प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से विशाखापट्टनम में पहले गूगल एआई हब की योजनाओं पर बात करके बहुत अच्छा लगा। यह एक ऐतिहासिक विकास का क्षण है। यह एआई हब गीगावॉट-स्तरीय कंप्यूटिंग क्षमता, अंतरराष्ट्रीय सबसी गेटवे और बड़े पैमाने पर ऊर्जा अवसंरचना को जोड़ता है। इसके जरिए हम अपनी उन्नत तकनीक को भारत के एंटरप्राइजेज़ और यूज़र्स तक पहुंचाएंगे, जिससे एआई नवाचार और विकास को नई गति मिलेगी।”
पीएम मोदी की प्रतिक्रिया
प्रधानमंत्री मोदी ने भी इस पहल पर अपनी प्रतिक्रिया साझा की। उन्होंने पिचाई की पोस्ट को कोट करते हुए लिखा-
“आंध्र प्रदेश के गतिशील शहर विशाखापट्टनम में गूगल एआई हब के लॉन्च पर मुझे खुशी हुई। यह बहुआयामी निवेश — जिसमें गीगावॉट-स्तरीय डेटा सेंटर अवसंरचना शामिल है। विकसित भारत के हमारे दृष्टिकोण के अनुरूप है। यह टेक्नोलॉजी के लोकतंत्रीकरण की दिशा में एक बड़ा कदम है, जो सभी के लिए एआई की सुविधा सुनिश्चित करेगा, नागरिकों को अत्याधुनिक उपकरण उपलब्ध कराएगा, डिजिटल अर्थव्यवस्था को गति देगा और भारत को वैश्विक प्रौद्योगिकी नेता के रूप में स्थापित करेगा।”

