होम = देश = ममता ने सिलीगुड़ी में शिव के महाकाल अवतार की सबसे ऊंची मूर्ति बनाने की घोषणा की; लगाए ‘हर-हर महादेव’ के जयकारे

ममता ने सिलीगुड़ी में शिव के महाकाल अवतार की सबसे ऊंची मूर्ति बनाने की घोषणा की; लगाए ‘हर-हर महादेव’ के जयकारे

world’s tallest Shiva idol foundation: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सिलीगुड़ी के माटिगाड़ा में मंदिर परिसर में भगवान शिव के महाकाल अवतार की दुनिया की सबसे ऊंची मूर्ति बनाने की शुक्रवार को घोषणा की। इस दौरान उन्होंने विभिन्न धार्मिक समुदाय के नेताओं की मौजूदगी में मंदिर का शिलान्यास किया और ‘हर-हर महादेव’ के जयकारे भी लगाए। मुख्यमंत्री बनर्जी ने कहा कि 216 फुट ऊंची इस संरचना में भगवान शिव की 108 फुट ऊंची कांस्य मूर्ति होगी। उन्होंने बताया कि ‘महाकाल महातीर्थ’ नामक यह परिसर 17.41 एकड़ क्षेत्र में बनाया जाएगा और लगभग ढाई साल में पूरा होगा।

1 लाख श्रद्धालु की क्षमता वाला बनेगा परिसर

प्रदेश की मुख्यमंत्री बनर्जी ने कहा, ‘‘हमने जमीन सौंप दी है और परिसर के निर्माण के लिए निविदा जारी कर दी है। यह परिसर दुनियाभर में भगवान शिव के सबसे बड़े मंदिर परिसरों में से एक होगा। जमीन पर भराव और समतल करने का काम तुरंत शुरू किया जाएगा। इस परिसर में प्रतिदिन एक लाख तीर्थयात्रियों को संभालने की क्षमता होगी।’’

पिछले साल ममता ने की थी मंदिर परिसर की घोषणा

मुख्यमंत्री ने पिछले वर्ष ही इस परियोजना की घोषणा की थी और ट्रस्ट बोर्ड गठन की बात कही थी। यह उनकी महत्वाकांक्षी योजनाओं में से एक है। इससे पहले उन्होंने दीघा में 250 करोड़ की लागत से जगन्नाथ मंदिर और हाल ही न्यू टाउन में 262 करोड़ की लागत से दुर्गा आंगन की आधारशिला रखी थी।

ममता ने विरोधियों पर साधा निशाना

चुनाव के पहले बंगाल में दूसरे विशाल मंदिर निर्माण परियोजना का शुभारंभ कर हिंदू मतदाताओं को अपना संदेश पहुंचाने की कोशिश की। ममता ने विरोधियों पर निशाना साधते हुए कहा कि किसी को यह नहीं सोचना चाहिए कि मैं पंचांग या तिथि नहीं देखती। चार बजकर 15 मिनट के बाद शुभ मुहूर्त था, इसलिए मैं उसी के अनुसार आई हूं।

ये भी पढ़ें: दिल्ली-NCR में छाया भयंकर कोहरा; UP-MP में कोल्ड डे, सड़कों पर यातायात प्रभावित