होम = देश = महाराष्ट्र के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन होंगे एनडीए के उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार

महाराष्ट्र के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन होंगे एनडीए के उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार

by | Aug 17, 2025 | देश

NDA Vice President Candidate : राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) ने आगामी उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए अपने उम्मीदवार का नाम घोषित कर दिया है. भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के अध्यक्ष जेपी नड्डा ने इस बारे में जानकारी दी कि महाराष्ट्र के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन (CP Radhakrishnan) को एनडीए का उपराष्ट्रपति पद का उम्मीदवार घोषित किया गया है. जेपी नड्डा ने बताया कि बीजेपी के संसदीय बोर्ड की बैठक में उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार के नाम पर विचार-विमर्श के बाद यह निर्णय लिया गया.

सीपी राधाकृष्णन का राजनीतिक सफर

तमिलनाडु के तिरुप्पुर में 20 अक्टूबर 1957 को जन्मे सीपी राधाकृष्णन का राजनीतिक जीवन अत्यंत समृद्ध रहा है. भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और वर्तमान में महाराष्ट्र के राज्यपाल, राधाकृष्णन ने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) और जनसंघ से की थी. वे 1998 और 1999 में कोयम्बटूर से लोकसभा सांसद चुने गए थे. इसके बाद, 2003 से 2006 तक उन्होंने तमिलनाडु भाजपा के अध्यक्ष के रूप में अपनी जिम्मेदारियां निभाईं.

सीपी राधाकृष्णन का प्रशासनिक अनुभव भी महत्वपूर्ण रहा है. वे फरवरी 2023 से जुलाई 2024 तक झारखंड के राज्यपाल रहे. इसके अलावा, उन्होंने तेलंगाना और पुडुचेरी के उपराज्यपाल के रूप में अतिरिक्त कार्यभार भी संभाला. वर्तमान में, वे महाराष्ट्र के राज्यपाल पद पर आसीन हैं.

अनुभवी और व्यापक प्रशासनिक पृष्ठभूमि

भाजपा के तमिलनाडु अध्यक्ष रहते हुए, सीपी राधाकृष्णन ने 2004-2007 तक 93 दिनों की रथ यात्रा निकाली थी, जिसका उद्देश्य नदियों को आपस में जोड़ना, आतंकवाद के खिलाफ जागरूकता फैलाना और अस्पृश्यता उन्मूलन को बढ़ावा देना था. इसके अलावा, संसद में वे वस्त्र उद्योग पर स्थायी समिति के अध्यक्ष भी रहे और कई वित्तीय व सार्वजनिक उपक्रमों से जुड़ी समितियों में सक्रिय भूमिका निभाई.

सीपी राधाकृष्णन की शैक्षिक पृष्ठभूमि में वीओ चिदंबरम कॉलेज, कोयम्बटूर से BBA की डिग्री शामिल है. अब,राधाकृष्णन की उम्मीदवारी एनडीए के लिए उपराष्ट्रपति पद पर एक महत्वपूर्ण कदम हो सकता है, खासकर जब वे एक अनुभवी और व्यापक प्रशासनिक पृष्ठभूमि के नेता के रूप में उभरकर सामने आए हैं.