Budget Session News: मंगलवार को राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर आगे की चर्चा शुरू होते ही लोकसभा में विपक्षी सांसदों की नारेबाजी और हंगामे के बाद से कार्यवाही को सुबह से 2 बार स्थगित किया जा चुका है। सुबह 11 बजे कार्यवाही शुरू होने के बाद हंगामे के चलते 12 बजे तक के लिए स्थगित किया गया और फिर दोबारा विपक्षी सांसदों ने प्लेकार्ड लेकर संसद में नारेबाजी की, जिसके बाद संसद को दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित किया गया है। दरअसल, विपक्षी सांसद सरकार से अमेरिका-भारत ट्रेड डील मुद्दे पर चर्चा करने की मांग कर रहे हैं।
‘हाउडी मोदी, सरेंडर मोदी’ के नारे लगे
सदन की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्षी सांसदों ने ‘हाउडी मोदी सरेंडर मोदी’ के नारे लगाना शुरू कर दिए। सांसद नारे लगाते हुए स्पीकर की मेज के सामने तक पहुंच थे।
जेपी नड्डा ने दी प्रतिक्रिया
विपक्ष के हंगामे पर राज्यसभा में सदन के नेता जेपी नड्डा ने भारत- अमेरिका डील पर कहा, “कल अमेरिका के राष्टपति ने ट्वीट किया है, जिसमें टैरिफ के बारे में पीएम को अवगत करवाया। पीएम को सच्चा दोस्त बताया है। पीएम ने शुक्रिया अदा किया। मैं विपक्ष की हताशा ये स्पष्ट दिखता है कि जिन्हें अच्छाई में भी बुराई दिखने का तरीका बन गया है। सरकार की ओर से आश्वस्त करना चाहता हूं कि पूरी डील के बारे में बताएंगे।”
भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर बोले अखिलेश
सपा अध्यक्ष ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट X पर पोस्ट कर भारत-अमेरिका ट्रेड डील को लेकर निशाना साधा। उन्होंने लिखा- ‘भाजपा ने फिर किया ‘किसानों’ पर वार भाजपा सरकार दे जवाब, क्या है दबाव। भारत के बाज़ार को अमेरिकी कृषि उत्पादों व खाद्यान्नों के लिए खोल देना, हमारे देश की खेती-किसानी पर रोज़ी-बसर करने वाली 70% आबादी के साथ धोखा है। भाजपाई और उनके संगी-साथी आज़ादी से पहले भी विदेशियों के एजेंट थे, आज भी हैं। आत्मनिर्भरता और स्वदेशी की बात करनेवाले भाजपाई और उनके संगी-साथी जनता के बीच जाकर बताएं कि उन्होंने देश की अर्थव्यवस्था के साथ धोखा करने के लिए कितना कमीशन खाया है।
बीजेपी ने कहा- राहुल ने संसद की गरिमा को नुकसान पहुंचाया
बीजेपी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के फैसले की अवहेलना करते हुए सदन में भारत-चीन सीमा मुद्दे पर अपने झूठे आरोपों से संसद की गरिमा को नुकसान पहुंचाया है और भारतीय सैनिकों का मनोबल गिराया। लोकसभा में उस समय हंगामा हो गया जब विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने पूर्व सेना प्रमुख जनरल एम एम नरवणे के एक अप्रकाशित ‘संस्मरण’ को उद्धृत करने का प्रयास करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तथा रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह पर निशाना साधा।
ये भी पढ़ें: Budget Session: राष्ट्रपति के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान लोकसभा स्थगित, राहुल गांधी की टिप्पणी से हुआ हंगामा

