होम = देश = शीतकालीन सत्र से पहले सर्वदलीय बैठक में दोनों सदनों के नेता हुए शामिल, वोट चोरी सहित कई मुद्दों पर चर्चाएं तेज

शीतकालीन सत्र से पहले सर्वदलीय बैठक में दोनों सदनों के नेता हुए शामिल, वोट चोरी सहित कई मुद्दों पर चर्चाएं तेज

by | Nov 30, 2025 | देश

Winter Session Of Parliament: संसद का शीतकालीन सत्र सोमवार से शुरू होने जा रहा है, लेकिन इससे पहले ही राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। रविवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता में हुई सर्वदलीय बैठक में सत्ता और विपक्ष दोनों पक्षों के बड़े नेता जेपी नड्डा, किरेन रिजिजू, मल्लिकार्जुन खरगे, गौरव गोगोई और कई अन्य शामिल हुए।

कांग्रेस का हमला

बैठक के बाद कांग्रेस के सांसद गौरव गोगोई ने सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि ऐसा लगता है कि सरकार और प्रधानमंत्री “लोकतंत्र और संसदीय परंपराओं को कमजोर” करना चाहते हैं। गोगोई ने यह भी आरोप लगाया कि यह संभवतः सबसे छोटा शीतकालीन सत्र बनाया जा रहा है और सरकार जानबूझकर संसद को “पटरी से उतारने” की कोशिश कर रही है। कांग्रेस ने राष्ट्रीय सुरक्षा, वायु प्रदूषण, मतदाता सूची की सुरक्षा और लोकतंत्र को बचाने जैसे मुद्दों पर चर्चा की मांग की है।

माकपा का आरोप

माकपा सांसद जॉन ब्रिटास ने कहा कि लाल किले के पास हुआ हालिया विस्फोट सरकार की सुरक्षा तैयारियों पर बड़ा सवाल खड़ा करता है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर संसद में व्यवधान होता है तो इसकी “पूरी जिम्मेदारी सरकार” की होगी।

सरकार का जवाब

संसदीय कार्य मंत्री किरन रिजिजू ने कहा कि सरकार चाहती है कि सत्र शांति से, बहस के जरिए और बिना अव्यवधान के चले। उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी दल जिम्मेदारी दिखाएंगे।

सरकार का एजेंडा बनाम विपक्ष की तैयारी

इस सत्र में सरकार असैन्य परमाणु क्षेत्र को निजी कंपनियों के लिए खोलने वाला महत्वपूर्ण विधेयक लाने की तैयारी में है। वहीं विपक्ष 12 राज्यों में मतदाता सूची संशोधन, दिल्ली प्रदूषण, लाल किले विस्फोट, और सोनिया-राहुल पर नई FIR जैसे मुद्दों पर सरकार को घेरने की रणनीति बना रहा है। NDA की बिहार चुनाव में बड़ी जीत के बाद होने वाला यह तीन हफ्तों का सत्र राजनीतिक रूप से बेहद गर्म होने वाला है।

ये भी पढ़े: चुनाव आयोग का बड़ा ऐलान, दोगुनी सैलरी से BLO कर्मचारियों में खुशी की लहर, जाने क्या है अपडेट