Delhi Red Fort : उत्तर दिल्ली स्थित लाल किले के सामने 15 अगस्त पार्क में चल रहे जैन धार्मिक समागम के दौरान चोरों ने दो बहुमूल्य कलश चोरी कर लिए। अनुमान है कि चोरी हुए कलशों की कीमत लगभग एक करोड़ रुपये है।
सोने और हीरे-माणिक्य-पन्ना जड़े कलश अचानक गायब
पुलिस के अनुसार, मंगलवार को जैन पर्व पंडाल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान यह घटना हुई। इसी मंच पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला भी उपस्थित थे। स्वागत समारोह और भीड़भाड़ के बीच मंच से अनुष्ठान में प्रयुक्त सोने और हीरे-माणिक्य-पन्ना जड़े कलश अचानक गायब हो गए।
शिकायतकर्ता एवं स्थानीय व्यापारी सुधीर जैन ने बताया कि चोरी की गई वस्तुओं में लगभग 760 ग्राम सोने का बड़ा कलश (झारी), सोने से बना एक नारियल और बहुमूल्य रत्न जड़ा छोटा कलश शामिल है। ये सभी बर्तन दैनिक अनुष्ठानों का अहम हिस्सा थे।
सीसीटीवी फुटेज में सामने आई
घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज में एक व्यक्ति की संदिग्ध गतिविधियां सामने आई हैं। पुलिस उपायुक्त (उत्तरी दिल्ली) राजा बंथिया ने स्पष्ट किया कि चोरी लाल किले (Delhi Red Fort) के भीतर नहीं, बल्कि बाहर 15 अगस्त पार्क में आयोजित कार्यक्रम से हुई है।
पुलिस ने बताया कि संदिग्ध की पहचान कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। आयोजन स्थल पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है और घटना के समय मंच के पास मौजूद लोगों से पूछताछ की जा रही है।
ये भी पढ़ें : प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रपति ट्रंप के सकारात्मक रुख को सराहा, जानें भारत अमेरिकी रिश्तों को लेकर क्या कहा
जैन समुदाय का यह धार्मिक समागम 9 सितंबर तक जारी रहेगा। पुलिस टीमें कई कोणों से सीसीटीवी रिकॉर्डिंग खंगाल रही हैं और चोरी हुए कलशों की बरामदगी के प्रयास लगातार चल रहे हैं।

