Airfare Hike Indigo Crisis: इंडिगो की लगातार रद्द हो रही उड़ानों ने देशभर की हवाई सेवाओं को अस्त-व्यस्त कर दिया है। इसी अफरातफरी में अन्य एयरलाइंस ने किराए में भारी इजाफा कर दिया, जिससे यात्रियों की जेब पर अचानक भारी बोझ पड़ गया। स्थिति बिगड़ते देख नागरिक उड्डयन मंत्रालय एक्शन में आ गया है और बढ़े हुए हवाई किरायों को लेकर कई एयरलाइंस को सख्त नोटिस जारी किया है।
सरकार ने तत्काल प्रभाव से फेयर कैप (किराया सीमा) लागू कर दी है, ताकि यात्रियों को मनमाना किराया चुकाने से बचाया जा सके। सभी एयरलाइंस को यह सीमा मानना अनिवार्य है, और यह नियम स्थिति सामान्य होने तक लागू रहेगा।
रियल-टाइम मॉनिटरिंग शुरू
मंत्रालय ने साफ किया कि अब देशभर में एयरफेयर की रियल-टाइम निगरानी होगी और किसी भी उल्लंघन पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी। इससे उम्मीद है कि वर्तमान में आसमान छू चुकी टिकट कीमतों में जल्द राहत मिलेगी।
किराए में रिकॉर्ड उछाल
इंडिगो की उड़ानें रद्द होने के बाद अन्य एयरलाइंस ने किराए में बेतहाशा बढ़ोतरी कर दी।
दिल्ली-मुंबई: सामान्य किराया 6,000 रुपये, अब करीब 70,000 रुपये
दिल्ली-पटना: 5,000 रुपये से बढ़कर 60,000 रुपये
दिल्ली-बेंगलुरु: 7,000 रुपये से उछलकर 1 लाख रुपये से ज्यादा
दिल्ली-चेन्नई: लगभग 90,000 रुपये
दिल्ली-कोलकाता: करीब 68,000 रुपये
इन कीमतों (Airfare Hike Indigo Crisis) ने यात्रियों में हड़कंप मचा दिया है। इंडिगो की उथल-पुथल लगातार पांचवें दिन भी जारी है।
इतनी उड़ानें हुई रद्द
दिल्ली एयरपोर्ट: 86 उड़ानें रद्द (37 प्रस्थान, 49 आगमन)
मुंबई: 109 उड़ानें रद्द
अहमदाबाद: 19 उड़ानें रद्द
तिरुवनंतपुरम: 6 उड़ानें रद्द
सरकार के दखल के बाद अब उम्मीद है कि यात्रियों को इस असामान्य किराया संकट से जल्द राहत मिलेगी।

