होम = देश = भारत को मिला नया स्वदेशी तेजस MK1A, भरी पहली उड़ान, राजनाथ सिंह बोले-“आत्मनिर्भर भारत की बड़ी छलांग”

भारत को मिला नया स्वदेशी तेजस MK1A, भरी पहली उड़ान, राजनाथ सिंह बोले-“आत्मनिर्भर भारत की बड़ी छलांग”

by | Oct 17, 2025 | देश

Tejas Mk1A : भारत के स्वदेशी लड़ाकू विमान तेजस MK1A ने आज शुक्रवार को अपनी पहली उड़ान भरी। यह देश का पहला स्वदेशी लड़ाकू विमान है। तेजस का सफल परीक्षण हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL) की नासिक फैक्ट्री से किया गया।

राजनाथ सिंह रहे मौजूद

HAL की LCA (लाइट कॉम्बैट एयरक्राफ्ट) के लिए तीसरी प्रोडक्शन लाइन और HTT-40 ट्रेनर विमान की दूसरी प्रोडक्शन लाइन का उद्घाटन भी किया गया। इस दौरान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह मौजूद रहे और उन्होंने इस कदम को ऐतिहासिक बताया।

राजनाथ सिंह ने दी बधाई

उद्घाटन करते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि HAL का मॉडल दूसरी इंडस्ट्रीज के लिए एक बेंचमार्क स्थापित हो रहा है। उन्होंने इस दौरान सस्टेनेबल टाउनशिप बनाने की उनकी कोशिशों के लिए पूरे HAL परिवार को बधाई दी।

दूसरी इंडस्ट्रीज के लिए एक बेंचमार्क

राजनाथ सिंह ने आगे कहा कि पूरी दुनिया पर्यावरण बचाने की बात कर रही है। इस दौर में, HAL ने इस टाउनशिप के जरिए एक मिसाल कायम की है। मेरा मानना है कि HAL का मॉडल अब दूसरी इंडस्ट्रीज के लिए एक बेंचमार्क बनेगा।

राजनाथ सिंह ने कहा, ‘एक समय था जब देश अपनी रक्षा जरूरतों के लिए दूसरे देशों पर निर्भर था और लगभग 65-70 प्रतिशत रक्षा उपकरण आयात किए जाते थे लेकिन आज, यह स्थिति बदल गई है; अब भारत 65 प्रतिशत विनिर्माण अपनी धरती पर कर रहा है। बहुत जल्द, हम अपने घरेलू विनिर्माण को भी 100 प्रतिशत तक ले जाएंगे।’

 राजनाथ सिंह ने कहा कि भारत का रक्षा निर्यात रिकॉर्ड 25 हजार करोड़ रुपये तक पहुंच गया है, जो कुछ साल पहले एक हजार करोड़ रुपये से भी कम था। रक्षा मंत्री ने कहा कि ‘हमने अब 2029 तक घरेलू रक्षा विनिर्माण में तीन लाख करोड़ रुपये और रक्षा निर्यात में 50 हजार करोड़ रुपये हासिल करने का लक्ष्य रखा है।’

Tags :