Gyanesh Kumar : खबर है कि विपक्षी INDIA गठबंधन ने मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव लाने की तैयारी में है। यह कदम कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा चुनाव आयोग (EC) पर बड़े पैमाने पर वोटर फ्रॉड के आरोप लगाने के कुछ दिनों बाद उठाया जा रहा है। संविधान के अनुच्छेद 324(5) के तहत, मुख्य चुनाव आयुक्त को सुप्रीम कोर्ट के जज की तरह ही हटाया जा सकता है, इसके लिए संसद में महाभियोग प्रस्ताव आवश्यक होता है।
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि महाराष्ट्र, कर्नाटक और हरियाणा में वोट चोरी हुई है और चुनाव आयोग ने सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (BJP) के पक्ष में वोटिंग डेटा में हेरफेर की। 7 अगस्त को उन्होंने कहा कि बेंगलुरु सेंट्रल के महादेवपुरा विधानसभा क्षेत्र में 1,00,250 वोट चोरी हुए, जिससे भाजपा की लोकसभा जीत संभव हुई। उन्होंने चुनाव आयोग पर भाजपा के साथ मिलीभगत का आरोप लगाया।
चुनाव आयोग ने आरोपों को बताया बेबुनियाद
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने राहुल गांधी के आरोपों को बेबुनियाद और संविधान का अपमान करार दिया। दिल्ली में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा कि या तो राहुल गांधी इन आरोपों पर शपथपत्र दें या देश से माफी मांगें। तीसरा कोई विकल्प नहीं है। अगर सात दिनों के भीतर हलफनामा नहीं दिया गया, तो यह माना जाएगा कि सभी आरोप झूठे हैं। राहुल गांधी ने चुनाव आयोग पर पक्षपात का आरोप लगाते हुए कहा था कि चुनाव आयोग मुझसे हलफनामा मांगता है, लेकिन जब बीजेपी सांसद अनुराग ठाकुर वही बात कहते हैं जो मैं कह रहा हूं,तब उनसे कुछ नहीं पूछा जाता।
विपक्ष ने CEC पर लगाया बीजेपी समर्थक होने का आरोप
कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा कि आज चुनाव आयोग नहीं, बल्कि बीजेपी बोल रही थी। क्या उन्होंने महादेवपुरा के एक लाख फर्जी वोटरों पर कोई जवाब दिया?आरजेडी नेता मनोज झा ने चुनाव आयोग पर सवालों से भागने का आरोप लगाया, जबकि झारखंड मुक्ति मोर्चा की सांसद महुआ माजी ने आयोग से मांग की कि वह राहुल गांधी द्वारा प्रस्तुत दस्तावेजों की सत्यता पर सफाई दे।
राहुल गांधी ने क्या आरोप लगाए?
7 अगस्त की प्रेस वार्ता में राहुल गांधी ने दावा किया कि कांग्रेस के रिसर्च के मुताबिक महादेवपुरा में डुप्लिकेट नाम, गलत पते और सामूहिक रजिस्ट्रेशन के कई मामले हैं, एक ही पते पर 80 वोटर तक पंजीकृत पाए गए। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि चुनाव आयोग सबूत मिटा रहा है.इस पर सीईसी ज्ञानेश कुमार ने कहा कि फुटेज साझा करने से मतदाताओं की निजता का उल्लंघन होगा। क्या चुनाव आयोग आपकी मां,बहू या बेटी की वीडियो क्लिप दिखाए? उन्होंने कहा केवल वे लोग वोट करते हैं जो मतदाता सूची में दर्ज हैं।
CEC ने अन्य राज्यों में भी आरोपों को नकारा
महाराष्ट्र में मतदाता सूची में गड़बड़ी के आरोपों पर सीईसी ने कहा कि ड्राफ्ट रोल के समय कोई आपत्ति नहीं आई थी और अब तक कोई प्रमाण भी नहीं दिया गया है। “कोई बात 10 बार कहने से सच नहीं हो जाती। सूरज पूर्व में ही उगता है, पश्चिम में नहीं। उन्होंने यह भी बताया कि बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता के साथ चल रही है, और सात करोड़ मतदाताओं की विश्वसनीयता इस प्रक्रिया के पीछे है।

