होम = देश = 27 साल में गूगल का कमाल, गैराज स्टार्टअप से टेक वर्ल्ड का सफर

27 साल में गूगल का कमाल, गैराज स्टार्टअप से टेक वर्ल्ड का सफर

by | Sep 27, 2025 | देश

Google : 27 सितंबर 2025 को गूगल अपना 27वां स्थापना दिवस मना रहा है। दिलचस्प बात यह है कि कंपनी की औपचारिक नींव 4 सितंबर 1998 को रखी गई थी, लेकिन गूगल अपना जन्मदिन 27 सितंबर को ही मनाता है। दरअसल, इसी दिन कंपनी ने अपने सर्च इंजन के जरिए रिकॉर्ड संख्या में वेबपेज इंडेक्स किए थे। बीते 27 वर्षों में गूगल ने टेक्नोलॉजी की दुनिया में गहरा असर डाला है और आज यह सिर्फ एक सर्च इंजन नहीं बल्कि लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी का अभिन्न हिस्सा बन चुका है।

कब हुई गूगल की शुरुआत

गूगल की नींव 1995 में पड़ी, जब लैरी पेज और सर्गेई ब्रिन स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी में रिसर्च प्रोजेक्ट पर काम कर रहे थे। उनका उद्देश्य इंटरनेट की विशाल जानकारी को व्यवस्थित करना था। 1997 में इसे “Google” नाम मिला, जो गणितीय शब्द “Googol” (एक के बाद 100 शून्य) से प्रेरित था। 4 सितंबर 1998 को कैलिफोर्निया के मेनलो पार्क स्थित एक छोटे से गैराज से कंपनी की आधिकारिक शुरुआत हुई। शुरुआती दौर में सीमित संसाधनों के साथ काम करने वाली यह कंपनी अब दुनिया की सबसे बड़ी टेक कंपनियों में शुमार है।

मील के पत्थर

  • 1998: गूगल की आधिकारिक स्थापना।
  • 2000: Google AdWords की शुरुआत, जिसने डिजिटल विज्ञापन की तस्वीर बदल दी।
  • 2004: Gmail लॉन्च हुआ और गूगल ने आईपीओ के जरिए बड़ा निवेश जुटाया।
  • 2006: गूगल ने 1.65 अरब डॉलर में YouTube खरीदा।
  • 2008: एंड्रॉयड स्मार्टफोन और गूगल क्रोम ब्राउज़र की एंट्री।
  • 2015: Alphabet Inc. का गठन हुआ और सुंदर पिचाई बने गूगल के सीईओ।
  • 2023-25: Gemini AI और मल्टीमॉडल सर्च जैसी एआई तकनीकों ने गूगल को और स्मार्ट बनाया।

संस्थापक और शुरुआती संघर्ष

लैरी पेज और सर्गेई ब्रिन ने “PageRank एल्गोरिथ्म” तैयार किया, जो वेबसाइट्स की रैंकिंग का आधार बना। शुरुआती दिनों में कंपनी को Andy Bechtolsheim से 1 लाख डॉलर का निवेश मिला। धीरे-धीरे यह गैराज से बाहर निकलकर Googleplex मुख्यालय तक पहुंची। शुरुआती टीम में सुसन वोज्स्की भी शामिल थीं, जो बाद में YouTube की सीईओ बनीं।

चुनौतियां और असफलताएं

हर सफलता के साथ गूगल ने कई असफलताओं का भी सामना किया। गूगल प्लस सोशल मीडिया की दौड़ में फेसबुक के सामने टिक नहीं पाया, वहीं Google Buzz और Allo जैसी सेवाएं भी ज्यादा समय तक नहीं चल सकीं। इसके अलावा Orkut और Google Labs जैसी पहलें भी बंद करनी पड़ीं।

ये भी पढ़ेSC ने दिल्ली-NCR में ग्रीन पटाखों के उत्पादन को दी हरी झंडी, बिक्री पर फैसला 8 अक्टूबर को

आज का गूगल

आज गूगल (Google) न सिर्फ सर्च इंजन बल्कि क्लाउड, एंड्रॉयड, यूट्यूब, जीमेल और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के जरिए अरबों लोगों के जीवन का हिस्सा बन चुका है। गैराज से शुरू हुई यह यात्रा अब दुनिया की सबसे प्रभावशाली टेक कंपनियों में बदल चुकी है।

Tags : Google

बंगाल