Goa Nightclub Fire: गोवा के उत्तरी इलाके में स्थित अरपोरा गांव के एक नाइट क्लब में शनिवार देर रात (6 दिसंबर 2025) भीषण आग लग गई। इस दुखद हादसे में कम से कम 23 कर्मचारियों की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक आग गैस सिलेंडर फटने से लगी और कुछ ही मिनटों में पूरे क्लब में फैल गई।
गोवा पुलिस महानिदेशक (DGP) आलोक कुमार ने बताया कि कुछ लोग आग की लपटों में झुलस गए, जबकि कई लोगों की मौत दम घुटने से हुई। मरने वालों में 20 पुरुष और 3 महिलाएं शामिल हैं। घटना के समय क्लब में काफी संख्या में लोग मौजूद थे, जिससे अफरा-तफरी मच गई और नुकसान बढ़ गया।
मुख्यमंत्री मौके पर पहुंचे, जांच के आदेश
घटना की खबर मिलते ही गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत तुरंत रात में ही घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने इस हादसे को “बहुत ही दुखद” बताया और कहा कि पूरी जांच कराई जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि मरने वालों में 3 से 4 पर्यटक भी शामिल हैं, जो छुट्टियां मनाने गोवा आए थे।
रातभर चला रेस्क्यू ऑपरेशन
दमकल और पुलिस की टीमों ने पूरी रात बचाव कार्य चलाया। धुआं और तेज लपटें रेस्क्यू में सबसे बड़ी मुश्किल थीं, लेकिन इसके बावजूद दर्जनों लोगों की जान बचाई जा सकी। स्थानीय विधायक माइकल लोबो ने बताया कि आग बुझाने में पूरी रात लग गई। उन्होंने कहा कि गोवा के सभी नाइट क्लबों में अब अग्नि सुरक्षा का विशेष ऑडिट होगा।
भारत में बार-बार क्यों होती हैं ऐसी घटनाएं?
भारत में आग की घटनाएँ अक्सर सुरक्षा मानकों की अनदेखी के कारण होती हैं। हाल के कई हादसे इसका उदाहरण हैं—
- हैदराबाद में इमारत में लगी आग से 17 लोगों की मौत
- कोलकाता के एक होटल में आग से 15 लोगों की मौत
- गुजरात के मनोरंजन पार्क में आग लगने से 24 लोगों की मौत
ये घटनाएं बताती हैं कि देश में अग्नि सुरक्षा को लेकर हालात गंभीर हैं, और नियमों का सख्त पालन जरूरी है।

