Congress finalises candidates for Assam Election: असम विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया तेज हो गई है। कांग्रेस के प्रत्याशी चयन को लेकर दिल्ली में केंद्रीय चुनाव समिति की वर्चुअल बैठक भी हुई। सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस लोकसभा सांसद और असम में पार्टी अध्यक्ष गौरव गोगोई को जोरहाट विधानसभा सीट से चुनाव लड़वा सकती है। इस बैठक में जोरहाट सीट पर गौरव गोगोई के नाम पर चर्चा कर फैसला तय किया गया है।
बैठक में 50 सीटों के उम्मीदवारों को लेकर हुई चर्चा
असम विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटी कांग्रेस पार्टी ने ज़्यादातर सीटिंग और अन्य सीटों पर उम्मीदवार उतारने की कवायद को तेज़ कर दिया है। इस पर कांग्रेस केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक भी वर्चुअल माध्यम से आयोजित हुई। बैठक में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी, राहुल गांधी , स्क्रीनिंग कमेटी की अध्यक्ष प्रियंका गांधी समेत सीईसी के सभी सदस्य मौजूद रहे। सूत्रों की मानें तो करीबन 50 सीटों पर कांग्रेस ने उम्मीदवार के नामों पर चर्चा की और ज़्यादातर नामों पर कांग्रेस केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में मोहर लगी है। माना जा रहा है कि गौरव गोगोई को भी कांग्रेस विधानसभा चुनाव लड़वाएगी। वह असम में कांग्रेस के अध्यक्ष और पार्टी के चेहरे व मुख्यमंत्री पद के दावेदार भी हैं। बता दें कि कांग्रेस ने शुक्रवार को हुई सीईसी की बैठक में असम चुनाव के उम्मीदवार की पहली सूची को तैयार कर लिया है। असम में अप्रैल महीने में विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर अब कांग्रेस एक्टिव मोड में है। वहीं, कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी भी असम चुनाव को लेकर ताबड़तोड़ मीटिंग कर रही हैं। सूत्रों के मुताबिक, होली के बाद भी प्रियंका गांधी असम दौरे पर जाएंगी और बैठकों का सिलसिला जारी रहेगा। चुनाव आयोग द्वारा असम चुनाव की तारीख़ों के ऐलान के बाद कांग्रेस उम्मीदवारों की अपनी पहली सूची जारी करेगी। असम चुनाव के दौरान कांग्रेस मौजूदा सरकार के खिलाफ भ्रष्टाचार, विकास और अन्य मुद्दों को लेकर मार्च में कैंपेन चलाएगी। साथ ही कांग्रेस असम मुख्यमंत्री द्वारा वादाें को पूरा नहीं करने पर उन्हें रणनीति के तहत घेरेगी।
असम चुनाव में कितनी सीटों पर तैयारी?
असम विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस पार्टी करीब 100 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी में जुटी है। विधानसभा उम्मीदवार चयन की प्रक्रिया में कांग्रेस ने अपनी पहली सीईसी की बैठक 27 फरवरी की। बैठक में करीब 40-50 सीटों पर चर्चा की गई है और कई सीटों पर उम्मीदवार भी तय किए गए। इन उम्मीदवारों की घोषणा चुनाव तारीखों के ऐलान के बाद कांग्रेस कर सकती है। कांग्रेस इस बार लोकसभा सांसद गौरव गोगोई को विधानसभा का चुनाव लड़वाएगी।
रिपोर्ट/कनिका कटियार
ये भी पढ़ें: IYC चीफ उदय भानू को दिल्ली के पटियाला हाउस कोर्ट से मिली जमानत, AI समिट में किया था शर्टलेस प्रोटेस्ट

