FASTag Annual Pass : देशभर में फास्टैग यूजर्स के लिए बड़ी राहत की खबर है। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने 15 अगस्त से ‘फास्टैग एनुअल पास’ की सुविधा शुरू कर दी है। इस नई सुविधा की शुरुआत के पहले ही दिन यूजर्स ने इसे हाथों-हाथ लिया। शाम 4:30 बजे तक करीब 1.2 लाख लोगों ने एनुअल पास खरीदा और एक्टिव किया, जबकि 1.24 लाख ट्रांजैक्शन दर्ज हुए।
पेमेंट के दो घंटे के भीतर पास एक्टिव
जानकारी के लिए आपको बता दें कि फास्टैग एनुअल पास 3000 रुपये की एकमुश्त फीस में उपलब्ध है, जिसकी वैलिडिटी एक साल तक या अधिकतम 200 टोल प्लाजा पार करने तक रहेगी। इस दौरान यूजर्स को बार-बार रीचार्ज की परेशानी नहीं होगी। यह सुविधा सिर्फ नेशनल हाईवे और एक्सप्रेसवे पर लागू होगी, जबकि स्टेट हाईवे पर इसका उपयोग नहीं किया जा सकेगा।
यह पास केवल नॉन-कमर्शियल गाड़ियों जैसे कार, जीप और वैन के लिए लागू है। इसे एक्टिव करने के लिए राजमार्ग यात्रा ऐप, एनएचएआई और सड़क परिवहन मंत्रालय की वेबसाइट पर लिंक उपलब्ध है। पेमेंट के दो घंटे के भीतर पास एक्टिव हो जाता है।
8 करोड़ से ज्यादा फास्टैग के यूजर्स
फास्टैग देश में इलेक्ट्रॉनिक टोल कलेक्शन सिस्टम को बदल चुका है। वर्तमान में करीब 8 करोड़ से ज्यादा यूजर्स फास्टैग का इस्तेमाल कर रहे हैं और इसकी पहुंच 98 प्रतिशत तक है। ऐसे में एनुअल पास की शुरुआत यूजर्स के अनुभव को और बेहतर बनाएगी और यात्राओं को निर्बाध और किफायती बनाएगी। यह सुविधा खासतौर से उन लोगों के लिए फायदेमंद होगी, जो नियमित रूप से हाईवे पर सफर करते हैं।
अब उन्हें हर बार टोल पर भुगतान करने या फास्टैग रीचार्ज करने की चिंता नहीं रहेगी। सरकार को उम्मीद है कि यह कदम टोल सिस्टम को और पारदर्शी व सरल बनाएगा, जिससे ट्रैफिक जाम और नकद लेन-देन की समस्या भी काफी कम होगी।
ये भी पढ़ें- ग्रेटर नोएडा में बीवी के इश्क ने उजाड़ा घर : बॉयफ्रेंड संग पत्नी के भागने पर पति ने रची खौफनाक साजिश

