Meerut Metro Opening Today: दिल्ली-NCR की रफ्तार आज इतिहास रचने जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज दिल्ली-मेरठ कॉरिडोर की पूरी ‘नमो भारत रैपिड रेल’ और मेरठ मेट्रो का उद्घाटन किया। उद्घाटन के बाद शाम 6 बजे से यह सेमी हाई-स्पीड ट्रेन आम यात्रियों के लिए शुरू हो जाएगी, जिससे दिल्ली से मेरठ का सफर एक घंटे से भी कम समय में पूरा हो सकेगा।
82 किलोमीटर का सफर समय सिर्फ 55 मिनट
सराय काले खां से मेरठ के मोदीपुरम तक 82 किमी लंबे रूट पर चलने वाली नमो भारत रैपिड रेल भारत की सबसे तेज़ सेमी हाई-स्पीड रीजनल ट्रेन होगी। इसकी अधिकतम क्षमता 180 किमी प्रति घंटे की रफ्तार की है, जिससे भविष्य में दिल्ली-मेरठ की दूरी महज 40 मिनट तक सिमट सकती है।
मेरठ मेट्रो भी आज से ट्रैक पर
नमो भारत के साथ ही भारत की सबसे तेज़ मेट्रो सेवा, मेरठ मेट्रो, भी आज शाम 6 बजे से आम जनता के लिए शुरू होगी। यह सेवा शहर के भीतर तेज़, सुरक्षित और आधुनिक आवागमन का नया विकल्प बनेगी।

महिला सशक्तिकरण की मजबूत झलक
इस परियोजना में महिला भागीदारी पर विशेष ध्यान दिया गया है। संचालन से जुड़े ड्राइवर स्टाफ में लगभग 80 प्रतिशत महिलाएं होंगी, जो सार्वजनिक परिवहन में महिला सशक्तिकरण की एक बड़ी मिसाल है।
सराय काले खां बना मल्टी-मॉडल हब
दिल्ली का सराय काले खां स्टेशन अत्याधुनिक मल्टी-इंटीग्रेटेड ट्रांजिट हब के रूप में विकसित किया गया है। यहां स्मार्ट टिकटिंग वेंडिंग मशीनें, QR कोड आधारित कैशलेस टिकट सुविधा और भविष्य के विस्तार को ध्यान में रखते हुए छह प्लेटफॉर्म बनाए गए हैं। इससे आगे चलकर दिल्ली-अलवर और दिल्ली करनाल रैपिड रेल कॉरिडोर को भी जोड़ा जा सकेगा।
बुलेट ट्रेन जैसा अनुभव
नमो भारत रैपिड रेल का इंटीरियर और तकनीक बुलेट ट्रेन की झलक देती है। पूरी तरह डिजिटल ड्राइवर कंसोल, प्रीमियम कोच, मोबाइल-लैपटॉप चार्जिंग पॉइंट, सन-प्रोटेक्शन ब्लाइंड्स और आरामदायक सीटें यात्रियों को आधुनिक सफर का अनुभव देंगी। महिलाओं के लिए अलग कोच, सामान रखने की पर्याप्त जगह, खड़े यात्रियों के लिए अतिरिक्त स्पेस, बोतल होल्डर, मैगजीन रैक और फुटरेस्ट जैसी सुविधाएं इसे कम्यूटर-फ्रेंडली बनाती हैं।
NCR के लिए गेमचेंजर प्रोजेक्ट
नमो भारत रैपिड रेल और मेरठ मेट्रो को दिल्ली-NCR में ट्रैफिक जाम, लंबा सफर समय और प्रदूषण कम करने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। तेज़, सुरक्षित और आधुनिक परिवहन के साथ आज से दिल्ली-मेरठ की दूरी सिर्फ किलोमीटरों की नहीं, बल्कि मिनटों की रह जाएगी।
ये भी पढ़ें: स्वास्थ्य को लेकर बढ़ी चिंता, शरद पवार फिर अस्पताल में भर्ती, डॉक्टरों ने बताई असली वजह

