Cyclone Shakti : 1अरब सागर में उठे चक्रवात ‘शक्ति’ ने गुजरात तट के पास अपने पैरों पसार लिए हैं और यह लगातार आगे बढ़ रहा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने चेतावनी जारी करते हुए बताया कि यह चक्रवात अगले 24 घंटों में और भी ताकतवर हो सकता है और गंभीर चक्रवाती तूफान में बदलने की आशंका है।
मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल यह तूफान द्वारका से लगभग 300 किलोमीटर पश्चिम और पाकिस्तान के कराची से 330 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिण पश्चिम में स्थित है। इसकी रफ्तार करीब 8 किलोमीटर प्रति घंटे की दर से बढ़ रही है। अनुमान है कि 5 अक्टूबर तक यह अरब सागर के मध्य हिस्सों तक पहुंच जाएगा और 7 अक्टूबर तक इसका असर तटीय राज्यों पर देखने को मिल सकता है।
महाराष्ट्र-गुजरात में अलर्ट
IMD ने महाराष्ट्र के कई जिलों—मुंबई, ठाणे, पालघर, रायगढ़, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग के लिए चेतावनी जारी की है। यहां तेज हवाओं के साथ भारी बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं गुजरात प्रशासन को भी चौकन्ना रहने के निर्देश दिए गए हैं।
समुद्र में ऊंची लहरें उठने की आशंका को देखते हुए मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है। राज्य सरकार ने तटीय और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों के लिए आपदा प्रबंधन तंत्र को सक्रिय कर दिया है। जरूरत पड़ने पर निकासी अभियान चलाने की तैयारी भी की जा रही है।
अन्य क्षेत्रों में असर
विदर्भ और मराठवाड़ा के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की चेतावनी है। वहीं कोंकण के निचले क्षेत्रों में जलभराव और बाढ़ जैसी स्थिति बन सकती है।
ये भी पढ़े – ऑपरेशन सिंदूर 2.0 की तैयारी, सेना प्रमुख ने पाकिस्तान को दी साफ चेतावनी, नक्शे पर रहना…
अरब सागर में चक्रवात का बढ़ता खतरा
अरब सागर में चक्रवात अपेक्षाकृत कम बनते हैं, लेकिन पिछले कुछ वर्षों में उनकी संख्या और तीव्रता बढ़ी है। 2021 में आए ‘ताउते’ और 2023 के ‘बिपरजॉय’ इसके उदाहरण हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि भले ही फिलहाल ‘शक्ति’ (Cyclone Shakti) तटीय जमीन से दूर है, लेकिन इसके तीव्र होने की संभावना को देखते हुए बचाव बेहद जरूरी है।

