होम = देश = चक्रवाती तूफान ‘मोन्था’ का असर, विशाखापत्तनम में 32 उड़ानें, विजयवाड़ा में 16 और 120 ट्रेनें रद्द

चक्रवाती तूफान ‘मोन्था’ का असर, विशाखापत्तनम में 32 उड़ानें, विजयवाड़ा में 16 और 120 ट्रेनें रद्द

by | Oct 28, 2025 | देश

Cyclonic storm ‘Montha’ : भीषण चक्रवाती तूफान मोन्था के कारण मंगलवार को आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में जनजीवन प्रभावित हो गया है। तेज हवाओं और खराब मौसम के चलते विशाखापत्तनम, विजयवाड़ा और तिरुपति हवाई अड्डों पर कई उड़ानें रद्द करनी पड़ीं, वहीं दक्षिण मध्य रेलवे ने सुरक्षा कारणों से 120 ट्रेनों को भी रद्द कर दिया है।

विशाखापत्तनम हवाई अड्डे के निदेशक एन. पुरुषोत्तम ने बताया कि मंगलवार को हवाई अड्डे से संचालित होने वाली सभी 32 उड़ानें रद्द कर दी गईं। इनमें घरेलू और अंतरराष्ट्रीय दोनों उड़ानें शामिल हैं। उन्होंने बताया कि 27 अक्टूबर को एयर इंडिया एक्सप्रेस की दो उड़ानें पहले ही रद्द की जा चुकी थीं।

पुरुषोत्तम ने कहा, “हमने भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) के दिशानिर्देशों के तहत चक्रवात से पहले और बाद के चरणों में सभी सुरक्षा सावधानियां बरती हैं।”

विजयवाड़ा में भी उड़ानें रद्द

विजयवाड़ा हवाई अड्डे के निदेशक लक्ष्मीकांत रेड्डी ने बताया कि मंगलवार को यहां 16 उड़ानें रद्द की गईं, जबकि पांच उड़ानें संचालित की गईं। उन्होंने कहा कि सोमवार को केवल एक उड़ान रद्द करनी पड़ी थी, लेकिन मंगलवार को दिल्ली और मुंबई सहित कई प्रमुख शहरों के लिए उड़ानें प्रभावित हुईं।

रेड्डी ने बताया कि एयरलाइनों ने मंगलवार के लिए परिचालन स्थगित करने का निर्णय लिया है, और बुधवार की उड़ानों को लेकर शाम तक स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।

तिरुपति में चार उड़ानें रद्द

चक्रवात के प्रभाव से तिरुपति हवाई अड्डे पर भी चार उड़ानें रद्द की गई हैं।

रेल सेवाएं भी प्रभावित

दक्षिण मध्य रेलवे (SCR) के एक अधिकारी के अनुसार, चक्रवात के कारण 27 अक्टूबर और मंगलवार को कुल 120 ट्रेनें रद्द की गई हैं। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले ट्रेनों की स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त करें।

मौसम विभाग के अनुसार, भीषण चक्रवाती तूफान मोन्था के मंगलवार शाम या रात को आंध्र प्रदेश के तटीय क्षेत्रों से टकराने की संभावना है। प्रशासन ने तटीय जिलों में अलर्ट जारी कर दिया है और राहत-बचाव दलों को तैनात कर दिया गया है।

ये भी पढ़े : महागठबंधन का आज जारी होगा घोषणापत्र,10 वादों का होगा ऐलान, क्या है वादे पढ़िए ?

बंगाल