Cyclonic Storm Ditwah : चक्रवाती तूफान दित्वा ने शुक्रवार को श्रीलंका में भीषण तबाही मचाई। मूसलाधार बारिश और तेज़ हवाओं के चलते अब तक 46 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 23 लोग लापता बताए जा रहे हैं। अधिकारियों ने चेतावनी जारी की है कि तूफान आने वाले घंटों में और भी तेज़ हो सकता है।
भूस्खलन से कई घर बहे, 21 की मौत
देश के मध्य में स्थित चाय उत्पादक जिला बादुल्ला तूफान का सबसे बड़ा शिकार बना। यहां रातोंरात भूस्खलन से कई घर बह गए, जिसमें 21 लोगों की जान चली गई। रेस्क्यू टीमें लगातार मलबे में दबे लोगों की तलाश कर रही हैं।
पीएम मोदी ने व्यक्त की संवेदना, मदद का ऐलान
श्रीलंका में जानमाल के नुकसान पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर लिखा कि वे प्रभावित परिवारों की सुरक्षा और शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हैं।
भारत ने ऑपरेशन ‘सागर बंधु’ के तहत तुरंत राहत सामग्री और आवश्यक HADR सपोर्ट भेज दिया है। पीएम मोदी ने कहा कि हालात बदलने के साथ भारत और मदद देने के लिए पूरी तरह तैयार है। यह सहायता भारत की नेबरहुड फर्स्ट पॉलिसी और विजन MAHASAGAR के अनुरूप है।
44 हजार से ज्यादा लोग सुरक्षित स्थानों पर भेजे गए
यह तूफान हाल के वर्षों में श्रीलंका में आई सबसे गंभीर प्राकृतिक आपदाओं में से एक है। आपदा प्रबंधन केंद्र (DMC) के अनुसार, अब तक 43,991 लोगों को राहत शिविरों, स्कूलों और सार्वजनिक आश्रय स्थलों में स्थानांतरित किया गया है। कई परिवारों को बढ़ते जलस्तर के कारण छतों से बचाया गया।
भारत की ओर बढ़ रहा तूफान, कई राज्यों में अलर्ट
एक दिन के भीतर श्रीलंका के पूर्वी और मध्य हिस्सों में 300 मिमी से अधिक बारिश दर्ज की गई है। तूफान के भारत के तटवर्ती इलाकों की ओर बढ़ने के मद्देनजर चेन्नई स्थित आईएमडी के क्षेत्रीय केंद्र ने तमिलनाडु के कई जिलों में तीन घंटे का येलो अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा पुडुचेरी और दक्षिणी आंध्र प्रदेश में भी भारी बारिश और आंधी-तूफान का पूर्वानुमान जारी किया गया है।
ये भी पढ़े : 1 दिसंबर से बदलने वाला है बहुत कुछ… आपकी जेब और सुविधाओं पर क्या पड़ेगा असर?
तूफान की अगली चाल पर सभी की नज़र
चक्रवात दित्वा के समुद्र में आगे बढ़ने के साथ भारत के दक्षिणी राज्यों के लिए खतरा बढ़ रहा है। मौसम विभाग लगातार स्थिति पर नज़र बनाए हुए है और राज्यों को तैयार रहने की सलाह दी गई है।

