होम = देश = सिद्धारमैया के घर नाश्ते की सियासत, CM कुर्सी पर खींचातानी के बीच बंद कमरे में क्या पका? जाने पूरी खबर

सिद्धारमैया के घर नाश्ते की सियासत, CM कुर्सी पर खींचातानी के बीच बंद कमरे में क्या पका? जाने पूरी खबर

by | Nov 29, 2025 | देश

Karnataka CM Post Tussle: कर्नाटक में मुख्यमंत्री (CM) पद को लेकर चल रही तीखी खींचतान शनिवार को नए मोड़ पर पहुंच गई। सुबह-सुबह डिप्टी CM डीके शिवकुमार अचानक CM सिद्धारमैया के कावेरी रेजिडेंस पहुंच गए, जहां दोनों नेताओं ने नाश्ते की टेबल पर बंद कमरे में लंबी बातचीत की। माना जा रहा है कि चर्चा का केंद्र वही पुराना मुद्दा था, CM पद का भविष्य और पावर शेयरिंग का फॉर्मूला।

क्या रहा चर्चा का असली फोकस

मुलाकात के बाद दोनों नेता एक साथ मीडिया के सामने आए। सिद्धारमैया ने तनाव की खबरों को खारिज करते हुए कहा कि उनके और शिवकुमार के बीच न तो कोई मतभेद है और न आगे होंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि यह सब BJP द्वारा फैलाया गया भ्रम था। CM के मुताबिक, चर्चा का असली फोकस 2028 के विधानसभा चुनावों की रणनीति रहा।

हाईकमान के सख्त संदेश

उधर, डीके शिवकुमार ने भी मुलाकात के तुरंत बाद एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि उन्होंने कर्नाटक की प्राथमिकताओं और भविष्य की दिशा पर “अच्छी चर्चा” की है। यह बयान ऐसे समय आया है जब कांग्रेस हाईकमान दोनों नेताओं से खिंची रस्सी ढीली करने और विवाद सुलझाने के निर्देश दे चुका है। हाईकमान के सख्त संदेश के बाद ही सिद्धारमैया ने शिवकुमार को नाश्ते पर बुलावा भेजा था।

कौन बनेगा कर्नाटक का कप्तान

कांग्रेस के भीतर की खींचतान को लेकर मंत्री जी.परमेश्वर ने भी खुलकर कहा कि हर किसी की अपनी-अपनी पसंद है, कोई शिवकुमार को CM देखना चाहता है, कोई सिद्धारमैया को बनाए रखना चाहता है, और कुछ लोग उन्हें भी दावेदार मानते हैं। उन्होंने कहा कि अंतिम फैसला हाईकमान का होगा और वही इस राजनीतिक उथल-पुथल को शांत करेगा।

कुर्सी की लड़ाई खुली सड़क पर

BJP ने इस विवाद को लेकर कांग्रेस पर तंज कसा है। नेता प्रतिपक्ष आर. अशोक ने कहा कि CM और डिप्टी CM की लड़ाई अब सड़क पर आ गई है और सरकार लंगड़ा होकर बैठी है। उनका आरोप है कि कोई विकास कार्य नहीं हुआ, मंत्री विधानसभा तक नहीं आते और जनता यह समझ ही नहीं पा रही कि असली CM कौन है। कर्नाटक की सियासत में यह नाश्ते वाली मुलाकात भले ही ‘प्रेम’ का संदेश दे रही हो, लेकिन सत्ता की असली रेस अभी खत्म नहीं हुई और आने वाले दिनों में कई बड़े मोड़ सामने आ सकते हैं।

ये भी पढ़े: IND vs SA ODI Series : साउथ अफ्रीका के खिलाफ रोहित का कठिन सफर, क्या बदल पाएंगे रिकॉर्ड?

बंगाल