Bihar Election 2025: हाल ही में एक कार्यक्रम में देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार चुनाव से ठीक पहले शुक्रवार (26 सितंबर) को राष्ट्रीय जनता दल पर निशाना साधते हुए कहा कि जब लालटेन का राज था तब बिहार में बहुत भ्रष्टाचार था। उन्होंने मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत बिहार की 75 लाख महिलाओं के खातों में 10-10 हजार रुपए भेजे है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ”नवरात्रि के इन पावन दिनों में आज मुझे बिहार की नारी शक्ति के साथ उनकी खुशियों में शामिल होने का अवसर मिला। नवरात्रि के इस पावन पर्व पर आप सबका आशीर्वाद, हम सबके लिए एक बहुत बड़ी शक्ति है। मैं आपका हृदय से आभार व्यक्त करता हूं।”
पीएम ने कहा, ”आज से ‘मुख्यमंत्री महिला रोजगार’ योजना शुरू की जा रही है। इस योजना से अब तक 75 लाख बहनें जुड़ चुकी हैं। अभी एक साथ इन सभी 75 लाख बहनों के बैंक अकाउंट में 10–10 हजार रुपये भेजे गए हैं। जब यह प्रक्रिया चल रही थी, तब मैं सोच रहा था कि आज नीतीश कुमार की सरकार ने बिहार की बहनों-बेटियों के लिए कितना बड़ा और महत्वपूर्ण कदम उठाया है। जब कोई बहन या बेटी रोजगार या स्वरोजगार करती है, तो उसके सपनों को नए पंख लग जाते हैं और समाज में उसका सम्मान और भी बढ़ जाता है।”
एम मोदी ने आरजेडी पर निशाना साधते हुए कहा-
“आरजेडी के राज में कोई भी घर सुरक्षित नहीं था। सबसे ज्यादा मार महिलाओं ने झेली है। उन्होंने आरजेडी नेताओं के अत्याचार भी देखे हैं, लेकिन नीतीश सरकार में बेटियां बेखौफ घूम सकती हैं। हम महिलाओं की सुरक्षा के लिए उज्ज्वला योजना लेकर आए हैं।”
पीएम मोदी ने आगे कहा-
“जब कोई सरकार महिलाओं को केंद्र में रखकर नीति बनाती है, तो उसका लाभ समाज के अन्य हिस्सों तक भी पहुंचता है। उदाहरण के तौर पर, उज्ज्वला योजना ने कितना बड़ा बदलाव किया है, यह पूरी दुनिया देख रही है। स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान के तहत सवा चार लाख से अधिक स्वास्थ्य शिविर गांव और कस्बों में लगाए जा रहे हैं। इन शिविरों में खून की कमी, ब्लड प्रेशर, डायबिटीज और कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों की जांच की जा रही है।”
ये भी पढ़े : Ladakh Protest: लेह में हिंसक विरोध के बाद कर्फ्यू, स्कूल-कॉलेज बंद, तनाव जारी

