Congress President Mallikarjun Kharge: संसद के शीतकालीन सत्र की शुरुआत से पहले ही सियासी माहौल गरमा गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा विपक्ष पर लगाए गए “संसद में ड्रामा” के आरोपों ने नया विवाद खड़ा कर दिया है। PM के इस बयान पर कांग्रेस ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए प्रधानमंत्री को ही “सबसे बड़ा ड्रामेबाज” करार दिया है।
खरगे का पलटवार
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट साझा कर मोदी सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री वास्तविक मुद्दों से जनता का ध्यान हटाने के लिए “ड्रामेबाजी” कर रहे हैं। खरगे ने कहा- बीते 11 वर्षों से सरकार संसदीय मर्यादा को रौंद रही है, इसकी लंबी सूची है। BJP को जनता का ध्यान भटकाने वाला ड्रामा बंद कर संसद में बेरोजगारी, महंगाई और आर्थिक असमानता जैसे मुद्दों पर चर्चा करनी चाहिए।
कांग्रेस अध्यक्ष ने यह भी कहा कि आम आदमी संसाधनों की लूट, महंगाई और नौकरी संकट से जूझ रहा है, जबकि सत्ता पक्ष “अहंकार” में डूबा है। उन्होंने SIR प्रक्रिया के दौरान “कार्यभार के कारण BLO की मौत” का मामला भी उठाया और कहा कि विपक्ष वोट चोरी तथा अन्य गंभीर मुद्दों को संसद में प्राथमिकता से उठाएगा।
PM मोदी
संसद सत्र की शुरुआत से पहले पीएम मोदी ने विपक्ष पर आरोप लगाया था कि वे चर्चा से भागकर “ड्रामा” करते हैं। उन्होंने कहा-
“संसद में नारे नहीं, नीति पर बात होनी चाहिए।”
“ड्रामा करने की जगह बहुत है, पर यहां डिलीवरी होनी चाहिए।”
“राजनीति में नकारात्मकता हो सकती है, लेकिन राष्ट्र निर्माण पर ध्यान जरूरी है।”
PM के इन बयानों को कांग्रेस ने सीधे-सीधे चुनौती मानते हुए जवाब दिया है। सत्र शुरू होने से पहले ही सरकार-विपक्ष का यह टकराव संकेत देता है कि आने वाले दिनों में संसद में घमासान तय है।

