Bengal Babri Masjid: पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के रेजीनगर में शनिवार (6 दिसंबर, 2025) को तृणमूल कांग्रेस के निलंबित विधायक हुमायूं कबीर ने बाबरी मस्जिद के नाम पर एक मस्जिद की नींव रखी। यह आयोजन कड़ी सुरक्षा के बीच संपन्न हुआ।
VHP ने कड़ी प्रतिक्रिया दी
विश्व हिन्दू परिषद (VHP) ने इस पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। VHP नेता विनोद बंसल ने कहा कि बाबरी मस्जिद के नाम पर किसी भी तरह के उपद्रव या हिंदुओं पर हमला होने की स्थिति में जिम्मेदार हुमायूं कबीर, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और राज्य प्रशासन होंगे।
उन्होंने यह भी कहा कि हुमायूं कबीर सुप्रीम कोर्ट के 2019 के राम जन्मभूमि मामले के फैसले की अवमानना कर रहा है और अपनी जिहादी जमात को भड़काकर राज्य और देश में सांप्रदायिक तनाव पैदा कर रहा है।
राज्य सरकार से कड़ी कार्रवाई की मांग
VHP नेता ने राज्य सरकार से मांग की है कि हुमायूं कबीर के इस कदम पर तत्काल कठोर कार्रवाई की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि बाबरी मस्जिद के नाम पर कोई हिंसा या उपद्रव होता है, तो उसकी पूरी जिम्मेदारी राज्य सरकार और विधायक हुमायूं कबीर पर होगी।
सांप्रदायिक तनाव की चिंता
VHP नेता ने कहा कि बंगाल में पहले से ही बांग्लादेशी घुसपैठियों और कट्टरपंथियों के कारण हिंदू समाज चिंतित है। ऐसे में बाबरी मस्जिद के नाम पर उपद्रव की राजनीति राज्य की कानून व्यवस्था के लिए गंभीर खतरा बन सकती है।

