Elections 2026: असम विधानसभा चुनाव से पहले राज्य की सियासत तेजी से गरमा गई है। चुनावी तारीखों की औपचारिक घोषणा से पहले ही प्रमुख राजनीतिक दलों ने अपने उम्मीदवारों को मैदान में उतारना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में कांग्रेस ने शनिवार को अपने उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी कर दी, जबकि आम आदमी पार्टी (AAP) ने भी पहली बार राज्य में चुनाव लड़ने के लिए 14 उम्मीदवारों के नाम घोषित किए हैं।
कांग्रेस ने जारी की दूसरी सूची
कांग्रेस ने अपनी दूसरी सूची में 23 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की है। इसके साथ ही पार्टी अब तक कुल 65 सीटों पर अपने उम्मीदवारों का ऐलान कर चुकी है। असम की 126 सदस्यीय विधानसभा के लिए होने वाले चुनाव को लेकर कांग्रेस अपनी रणनीति के तहत सीटों का बंटवारा भी कर रही है। पार्टी ने अपने गठबंधन सहयोगियों के लिए लगभग 15 सीटें छोड़ने का फैसला किया है। इनमें बाजाली, पालसबारी, गुवाहाटी सेंट्रल, गोरेश्वर, मोरीगांव और बरहमपुर जैसी महत्वपूर्ण सीटें शामिल हैं।
कांग्रेस संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल द्वारा जारी सूची के अनुसार, नूरुल इस्लाम को श्रीजनग्राम, अब्दुल खालिक को मांडिया, रकीबुद्दीन अहमद को चमारिया, डेविड फुकन को तिनसुकिया और बिपुल गोगोई को तिनखोंग सीट से उम्मीदवार बनाया गया है।
पहली सूची में 42 उम्मीदवारों का ऐलान
इससे पहले कांग्रेस ने 3 मार्च को अपनी पहली सूची जारी की थी, जिसमें 42 उम्मीदवारों के नाम शामिल थे। उस सूची में असम कांग्रेस के अध्यक्ष गौरव गोगोई को जोरहाट विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया गया था। इसके अलावा असम कांग्रेस विधायक दल के नेता देबब्रता सैकिया को नाजिरा सीट से चुनावी मैदान में उतारा गया है। वहीं प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष रिपुन बोरा को बरचल्ला विधानसभा क्षेत्र से टिकट दिया गया है। गौरतलब है कि कांग्रेस 2016 से असम की सत्ता से बाहर है और इस बार वह मजबूत वापसी की कोशिश में है।
AAP ने जारी की पहली सूची
वहीं आम आदमी पार्टी ने भी असम विधानसभा चुनाव के लिए अपनी पहली उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। पार्टी ने 14 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं। AAP ने सेंट्रल गुवाहाटी से अनुरुपा देकराजा और ईस्ट गोलपारा से जिन्ना अमीर हुसैन को उम्मीदवार बनाया है। इसके अलावा चेंगा से जाहिदुल इस्लाम खान, राहा से बरुण विकास दास, बिस्वनाथ से अनंता गोगोई और गोपुर से जर्बम कुतुम को टिकट दिया गया है।
रंगनाडी से तिकेंद्र थापा, नावोइचा से अच्युत दास, सिबसागर से तपन गोगोई, तिताबर से पल्लव सैकिया, देरगांव से पुलिन गोगोई, खुमटाई से अशिष हजारिका, बोकजान से रेणुका तिमुंगपी और नदुआर से रणजीत बोरू को भी पार्टी ने चुनावी मैदान में उतारा है।
चुनावी माहौल गरमाया
असम की 126 विधानसभा सीटों के लिए होने वाले चुनाव को लेकर पिछले कुछ महीनों से राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। विभिन्न राजनीतिक दल लगातार रैलियां, जनसभाएं और संगठनात्मक बैठकों के जरिए अपनी पकड़ मजबूत करने में जुटे हैं। शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भी असम दौरा हुआ, जिससे चुनावी माहौल और गरमा गया। राजनीतिक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी तेज हो गया है।
आज हो सकती है चुनाव तारीखों की घोषणा
बताया जा रहा है कि रविवार शाम को चुनाव आयोग की प्रेस कॉन्फ्रेंस में असम विधानसभा चुनाव की तारीखों और पूरे चुनावी कार्यक्रम की घोषणा की जा सकती है। ऐसे में राज्य की सियासत में अगले कुछ दिनों में और तेजी आने की संभावना है।
ये भी पढ़ें: महाराष्ट्र में खौफनाक वारदात, घर से उठाकर ले गया, रेप के बाद चौपाल में बांधकर भागा

