Amit shah Birthday : दिग्गज बीजेपी नेता और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज अपना 60वां जन्मदिन मना रहे हैं। उनका जन्म 22 अक्टूबर 1964 को हुआ था। इस अवसर पर उन्हें जमकर बधाईयां मिल रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी उन्हें जन्मदिन की ढेरों शुभकामनाएं दी हैं। बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराम सिंह चौहान समेत राजनीतिक दिग्गजों ने उन्हें बधाई दी है।
पीएम मोदी ने एक्स पोस्ट में कहा कि अमित शाह को जनसेवा के प्रति उनके समर्पण और परिश्रमी स्वभाव के लिए वे सर्वत्र प्रशंसित हैं। मैं उनके दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना करता हूं।
PM मोदी ने अमित शाह को लेकर क्या कहा?
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया मंच X पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘गृह मंत्री अमित शाह जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। जनसेवा के प्रति समर्पण की भावना और मेहनती होने के कारण उन्हें व्यापक रूप से सराहा जाता है।’’ पीएम मोदी ने कहा, ‘‘उन्होंने भारत के आंतरिक सुरक्षा तंत्र को मजबूत करने का काम किया है और प्रत्येक भारतीय सुरक्षित एवं सम्मानजनक जीवन जिए, यह सुनिश्चित करने के लिए उन्होंने सराहनीय प्रयास किए हैं। मैं उनके दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना करता हूं।’’
जेपी नड्डा ने दी अमित शाह को बधाई
बीजेपी अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ के जरिए अपने संदेश में कहा कि केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह को मेरी तथा भारतीय जनता पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं की ओर से जन्मदिवस की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। आपका सार्वजनिक जीवन, समर्पण और संगठन कौशल एक अद्वितीय उदाहरण है। नक्सलवाद के उन्मूलन में आपकी दृढ़ इच्छाशक्ति के कारण देश को नक्सल-मुक्त बनाने की लड़ाई निर्णायक मोड़ पर पहुंच चुकी है। आपने संगठन के विस्तार और विचार के सशक्तीकरण दोनों को नई ऊंचाइयां प्रदान की हैं। ईश्वर से आपके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु जीवन की कामना करता हूं।
राजनाथ सिंह ने भी दी शुभकामनाएं
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी गृह मंत्री को बधाई देते हुए कहा, ‘केंद्रीय मंत्रिमंडल में हमारे साथी, गृह मंत्री अमित शाह को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। स्वभाव से अत्यंत परिश्रमी और दृढ़ संकल्प के धनी, अमित शाह भारत की आंतरिक सुरक्षा को सुदृढ़ करने और देश में शांति व स्थिरता सुनिश्चित करने के लिए पूरी तत्परता से कार्यरत हैं। मैं ईश्वर से उनके दीर्घायु होने और उत्तम स्वास्थ्य की कामना करता हूं।’
शिवराज सिंह चौहान ने भी कहा
कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपने आधिकारिक ‘एक्स’ पोस्ट में लिखा, ‘जनप्रिय राजनेता, कुशल संगठनकर्ता और श्रेष्ठ रणनीतिकार केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह को जन्मदिन की आत्मीय शुभकामनाएं। ईश्वर से आपके उत्तम स्वास्थ्य, सुदीर्घ और यशस्वी जीवन की प्रार्थना करता हूं।’

