Online gaming bill : देश में तेजी से बढ़ रहे ऑनलाइन गेमिंग सेक्टर पर अब सरकार की नजर है. आज लोकसभा में केंद्र सरकार ने प्रमोशन एंड रेगुलेशन ऑफ ऑनलाइन गेमिंग बिल 2025 पेश किया. इस बिल के तहत सभी रियल मनी बेस्ड ऑनलाइन गेम्स ,चाहे वो स्किल बेस्ड हों या चांस बेस्ड उन पर पूरी तरह से रोक लगाई जा सकती है. इस कदम से ड्रीम-11, रमी,पोकर जैसे फैंटेसी और कार्ड गेमिंग प्लेटफॉर्म्स पर गहरा असर पड़ सकता है.
गौरतलब है कि ड्रीम-11 इस समय भारतीय क्रिकेट टीम की लीड स्पॉन्सर भी है,इसलिए इस बिल के पारित होने पर भारतीय खेल स्पॉन्सरशिप सिस्टम पर भी असर देखने को मिल सकता है.
संसद में हंगामे के बीच पेश हुआ बिल
आईटी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने यह बिल लोकसभा में पेश किया. हालांकि, बिहार वोटर लिस्ट रिवीजन को लेकर चल रहे विपक्ष के हंगामे के कारण बिल पर चर्चा शुरू नहीं हो सकी. कार्यवाही की अध्यक्षता कर रहे पीसी मोहन ने पहले सदन को दोपहर 12 बजे तक और फिर दो बजे तक स्थगित कर दिया. इस दौरान विपक्षी सांसदों ने मंत्री के सामने पोस्टर लहराकर विरोध जताया.
सरकार का विपक्ष पर हमला
संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने विपक्षी सांसदों पर तीखा हमला करते हुए कहा कि जब से मॉनसून सत्र शुरू हुआ है,विपक्ष सिर्फ हंगामा कर रहा है. उन्होंने यह भी कहा कि विपक्ष के कारण कैप्टन शुभांशु शुक्ला, जो हाल ही में अंतरिक्ष मिशन से लौटे हैं, उन्हें सम्मानित करने की प्रक्रिया भी पूरी नहीं हो पा रही है.
ये भी पढ़ें : प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्रियों को हटाने वाला विधेयक हंगामे के बीच लोकसभा में पेश, जानें क्यों हो रहा विरोध
रिजिजू ने कहा कि जो नायक अंतरिक्ष में भारत का झंडा लहराकर आए,उनको सम्मानित करने का मौका भी विपक्ष ने नहीं दिया. ये शर्मनाक है. अब तो स्कूल के बच्चे भी पूछते हैं कि क्या सांसद ऐसे व्यवहार करते हैं? उन्होंने विपक्ष को चेतावनी दी कि हंगामा करने से नुकसान विपक्ष का ही होगा. जनता ऐसे व्यवहार को नकार देगी. सरकार अपने तय एजेंडे को पारित करवाकर रहेगी.

