होम = देश = Air India : मुंबई से नेवार्क जा रही एअर इंडिया फ्लाइट में तकनीकी खराबी, विमान लौटा वापस

Air India : मुंबई से नेवार्क जा रही एअर इंडिया फ्लाइट में तकनीकी खराबी, विमान लौटा वापस

by | Oct 22, 2025 | देश

Air India : मुंबई से अमेरिका के नेवार्क के लिए उड़ान भरने वाली एअर इंडिया की फ्लाइट AI191 को बुधवार सुबह आपात स्थिति में मुंबई लौटना पड़ा। विमान में तकनीकी दिक्कत आने के बाद यह कदम उठाया गया।

जानकारी के अनुसार, बोइंग 777 विमान ने मंगलवार देर रात करीब 1:50 बजे मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान भरी थी। उड़ान के लगभग तीन घंटे बाद, तकनीकी समस्या की आशंका के चलते पायलट ने एहतियातन विमान को वापस मुंबई लाने का निर्णय लिया।

तकनीकी खामी के कारण वापस लाने का फैसला

एअर इंडिया ने बयान जारी कर बताया कि फ्लाइट AI191 के चालक दल ने संदिग्ध तकनीकी खामी के कारण सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए विमान को मुंबई वापस लाने का फैसला किया। विमान सुरक्षित रूप से लैंड कर चुका है और इंजीनियरों की टीम अब उसकी पूरी जांच कर रही है।

दो उड़ानें रद्द, यात्रियों की की गई मदद

इस घटना की वजह से AI191 (मुंबई–नेवार्क) और AI144 (नेवार्क–मुंबई) दोनों उड़ानों को रद्द करना पड़ा। एयरलाइन ने प्रभावित यात्रियों को असुविधा से बचाने के लिए होटल में ठहरने की व्यवस्था की है और उन्हें एअर इंडिया या अन्य एयरलाइंस की अगली उपलब्ध उड़ानों में री-बुक किया गया है।

ये भी पढे – लेफ्टिनेंट कर्नल बने नीरज चोपड़ा, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने किया एथलीट को सम्मानित

नेवार्क में मौजूद AI144 के यात्रियों को भी उड़ान रद्द होने की सूचना दे दी गई है। एयर इंडिया ने कहा है कि सभी यात्रियों को जल्द से जल्द वैकल्पिक यात्रा व्यवस्था उपलब्ध कराई जाएगी। हालांकि, अभी तक यात्रियों की संख्या या विमान में मौजूद लोगों के संबंध में कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है।

एअर इंडिया ने कहा कि यात्री सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी तरह के जोखिम से बचने के लिए यह कदम उठाया गया।

Tags : Air India

बंगाल