India vs Pakistan : एशिया कप के आज होने वाले भारत-पाकिस्तान मुकाबले से पहले देश के कई हिस्सों में विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं. इस बड़े खेल आयोजन को लेकर सोशल मीडिया पर भी गुस्से की लहर है और विभिन्न राजनीतिक पार्टियों ने इस मैच के बहिष्कार की अपील की है. खासकर आम आदमी पार्टी (AAP) ने इस मुद्दे पर सरकार को घेरा है और पार्टी के नेता सौरभ भारद्वाज ने इस मैच का प्रसारण करने वाली किसी भी सार्वजनिक जगह या रेस्टोरेंट के खिलाफ विरोध की घोषणा की है.
आप नेता ने सरकार को दी चेतावनी
सौरभ भारद्वाज ने कहा कि हम उस किसी भी रेस्टोरेंट, बार या सार्वजनिक स्थान पर मैच का प्रसारण होने पर विरोध करेंगे. साथ ही आम आदमी पार्टी की महिला विंग ने राजधानी दिल्ली में पार्टी मुख्यालय के बाहर एक सांकेतिक विरोध प्रदर्शन किया,जिसमें कार्यकर्ताओं ने एक टीवी सेट तोड़कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सिंदूर चढ़ाने की प्रतीकात्मक अभिव्यक्ति दी.
विपक्ष ने BCCI और BJP पर साधा निशाना
भारद्वाज ने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) और भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर निशाना साधते हुए सवाल उठाया कि आईसीसी और बीसीसीआई में ताक़तवर पदों पर रहते हुए भी जय शाह पाकिस्तान को टूर्नामेंट से बाहर क्यों नहीं कर पाए? उन्होंने नागरिकों से इस मैच का बहिष्कार करने की अपील भी की.इस मुद्दे पर एक और विपक्षी दल ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के दिल्ली अध्यक्ष ने भी बहिष्कार की मांग उठाई है. उन्होंने कहा, दिल्ली मजलिस भारत-पाकिस्तान मैच का पूरी तरह विरोध करती है. अगर कहीं पब्लिक में इसका प्रसारण होगा, तो उसकी जिम्मेदारी आयोजकों पर होगी. हमारे कार्यकर्ता इस देशद्रोह में कभी शामिल नहीं होंगे.
ये भी पढ़ें : रूस ने किया हाइपरसोनिक जिरकोन मिसाइल का परीक्षण, अपनी सैन्य ताकत का फिर से दुनिया को कराया अहसास
वहीं कांग्रेस और कई अन्य राजनीतिक दलों ने भी इस मुकाबले के विरोध में प्रदर्शन किया है. इस विवाद के बीच, क्रिकेट प्रेमियों के बीच चर्चा का केंद्र दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन बन गई है. खासकर पाकिस्तान की टीम में बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान जैसे प्रमुख खिलाड़ी नहीं होंगे, जबकि भारतीय टीम से भी रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे दिग्गज खिलाड़ी मैच से बाहर रहेंगे.
रात 8 बजे से खेला जाएगा मुकाबाला
यह मुकाबला आज रात 8 बजे दुबई के इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा और इस मैच का आयोजन पाकिस्तान की टीम और भारतीय टीम दोनों के लिए अहम साबित हो सकता है.

