Indian Railway: छठ पूजा का पर्व नजदीक आते ही देशभर में घर लौटने वालों की भीड़ बढ़ने लगी है। उत्तर भारत खासकर बिहार, झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश जाने वाली ट्रेनों में भारी दबाव देखा जा रहा है। हर साल की तरह इस बार भी कंफर्म टिकट पाना यात्रियों के लिए किसी चुनौती से कम नहीं है। तत्काल बुकिंग शुरू होते ही कुछ ही मिनटों में सीटें फुल हो जा रही हैं। ऐसे में भारतीय रेलवे ने यात्रियों के लिए एक बड़ा तोहफा दिया है।
रेल मंत्रालय ने घोषणा की है कि छठ पूजा के अवसर पर 1500 स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी, ताकि किसी यात्री को सफर में दिक्कत न हो। इन ट्रेनों का संचालन आने वाले 5 दिनों में शुरू किया जाएगा। रेलवे के इस फैसले से लाखों यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है, जो अपने घर जाकर सूर्य उपासना और छठ मैया की पूजा करना चाहते हैं।
बढ़ती भीड़ को करना काबू
मंत्रालय के अधिकारियों के मुताबिक, यह कदम त्योहारों के दौरान बढ़ती भीड़ को नियंत्रित करने और यात्रियों को आरामदायक एवं सुरक्षित यात्रा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उठाया गया है। दिवाली के समय भी रेलवे ने अतिरिक्त ट्रेनों की व्यवस्था की थी, लेकिन छठ पर्व को देखते हुए अब ट्रेनों की संख्या और बढ़ा दी गई है। रेल मंत्रालय ने बताया कि 1 अक्टूबर से 30 नवंबर के बीच कुल 12 हजार स्पेशल ट्रेनों के संचालन की योजना है। इनमें से अब तक 11,865 ट्रिप्स (916 ट्रेनों) की अधिसूचना जारी हो चुकी है। इनमें 9,338 आरक्षित और 2,203 अनारक्षित ट्रिप्स शामिल हैं, ताकि हर वर्ग के यात्री को यात्रा का मौका मिल सके।
1 करोड़ से अधिक यात्री का सफर
आंकड़ों के मुताबिक, 1 अक्टूबर से 19 अक्टूबर के बीच इन विशेष ट्रेनों में 1 करोड़ से अधिक यात्री सफर कर चुके हैं। रेलवे का कहना है कि त्योहारों के मौसम में हर साल यात्रियों की संख्या में बेतहाशा वृद्धि होती है, इसलिए इस बार पहले से तैयारियां की गई हैं। रेलवे अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि टिकट केवल अधिकृत वेबसाइट या स्टेशन काउंटर से ही बुक करें और धोखाधड़ी से बचें। छठ पूजा पर घर लौटने वालों के लिए यह कदम रेलवे का ‘त्योहार तोहफा’ साबित हो सकता है। अब सफर में न भीड़ की परेशानी होगी, न टिकट का तनाव।
ये भी पढ़े : सोने की चाल हुई बेहाल! 12 साल की सबसे बड़ी गिरावट, दिवाली के बाद बाज़ार में मचा हड़कंप

