RRTS Delhi-Meerut: दिल्ली से मेरठ के बीच यात्रा करने वालों के लिए आज का दिन ऐतिहासिक बन गया है। नरेंद्र मोदी ने रविवार, 22 फरवरी 2026 को दिल्ली-मेरठ नमो भारत ट्रेन और मेरठ मेट्रो सेवा का औपचारिक उद्घाटन किया। इसके साथ ही देश के पहले रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (RRTS) का पूरा 82 किलोमीटर लंबा कॉरिडोर आम जनता को समर्पित हो गया।
अब सफर होगा तेज़, सस्ता और स्मार्ट
दिल्ली के सराय काले खां से लेकर मेरठ के मोदीपुरम तक का सफर अब महज़ ₹213 में पूरा किया जा सकेगा। हाई-स्पीड और हाई-फ़्रीक्वेंसी पर आधारित यह कॉरिडोर दिल्ली-NCR और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लाखों यात्रियों को ट्रैफिक जाम से राहत देगा।
देश की सबसे तेज़ रीजनल ट्रेन
180 किमी प्रति घंटे की डिज़ाइन स्पीड वाली नमो भारत ट्रेन भारत की पहली रीजनल रैपिड ट्रांजिट सेवा है। यह दिल्ली को साहिबाबाद, गाजियाबाद, मोदीनगर और मेरठ जैसे प्रमुख शहरी केंद्रों से सीधे और तेज़ी से जोड़ती है। दिल्ली में सराय काले खां से न्यू अशोक नगर तक 5 किमी और यूपी में मेरठ साउथ से मोदीपुरम तक 21 किमी के नए सेक्शन भी आज शुरू किए जा रहे हैं।
चार नए स्टेशन
सराय काले खां कॉरिडोर का शुरुआती स्टेशन है, जो हज़रत निज़ामुद्दीन रेलवे स्टेशन, दिल्ली मेट्रो पिंक लाइन, ISBT और रिंग रोड से जुड़ा मल्टी-मॉडल हब बनेगा। इसके अलावा मेरठ में शताब्दी नगर, बेगमपुल और मोदीपुरम स्टेशन भी आज से चालू होंगे।
शहर की सबसे तेज़ लाइफलाइन
नमो भारत के साथ-साथ मेरठ मेट्रो सेवाओं का भी उद्घाटन होगा। यह मेट्रो उसी ट्रैक और इंफ्रास्ट्रक्चर पर चलेगी, जिस पर नमो भारत ट्रेनें दौड़ेंगी जो भारत में पहली बार अपनाया गया इंटीग्रेटेड ट्रांसपोर्ट मॉडल है। करीब 120 किमी/घंटा की ऑपरेशनल स्पीड के साथ मेरठ मेट्रो 13 प्रमुख स्टेशनों को जोड़ते हुए पूरी दूरी सिर्फ़ 30 मिनट में तय करेगी।
टाइमिंग और यात्रा सुविधा
नमो भारत और मेरठ मेट्रो सेवाएं हफ्ते के दिनों और शनिवार को सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक चलेंगी, जबकि रविवार को सेवाएं सुबह 8 बजे से रात 10 बजे तक उपलब्ध रहेंगी। रविवार के दिन दोनों सेवाओं में एक ही टिकट से यात्रा की सुविधा भी दी जाएगी, हालांकि किराए की अंतिम घोषणा अभी बाकी है।
यातायात में क्रांति की ओर बड़ा कदम
यह परियोजना न सिर्फ़ यात्रा समय को लगभग आधा कर देगी, बल्कि भीड़भाड़, प्रदूषण और ईंधन की खपत को भी कम करेगी। दिल्ली-मेरठ कॉरिडोर के साथ भारत शहरी और क्षेत्रीय परिवहन के नए युग में कदम रखने जा रहा है।
ये भी पढ़ें: शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद पर गिरफ्तारी का साया, पैदल सनातन यात्रा से बढ़ेगा सियासी-धार्मिक तनाव

