Summer Hair Care Tips: गर्मियों का मौसम बालों के लिए काफी चुनौतीपूर्ण हो सकता है। तेज धूप, ज्यादा पसीना, धूल-मिट्टी और बैक्टीरिया के कारण बाल जल्दी ऑयली, रूखे और बेजान नजर आने लगते हैं। ऐसे में अगर समय रहते हेयर केयर रूटीन में कुछ छोटे-छोटे बदलाव कर लिए जाएं, तो गर्म मौसम में भी बालों को मुलायम और चमकदार बनाए रखा जा सकता है। सही देखभाल से बालों को डैमेज होने से बचाया जा सकता है और उनकी सेहत भी बनी रहती है।
जैसे-जैसे तापमान बढ़ता है, लोग अपने कपड़ों और स्किन केयर में बदलाव करने लगते हैं। भारी क्रीम और मॉइस्चराइज़र की जगह हल्के प्रोडक्ट इस्तेमाल किए जाते हैं, लेकिन अक्सर बालों की देखभाल को नजरअंदाज कर दिया जाता है। गर्मी के कारण बालों की नमी कम हो जाती है, जिससे उनकी चमक फीकी पड़ने लगती है। ऐसे में जरूरी है कि बालों की देखभाल के लिए सही रूटीन अपनाया जाए।
बालों को रखें हाइड्रेटेड
गर्मियों में धूप के कारण बालों के सिरे अधिक ड्राई हो जाते हैं, जिससे उनकी चमक कम हो जाती है। ऐसे में सप्ताह में कम से कम एक बार हाइड्रेटिंग हेयर मास्क लगाना फायदेमंद हो सकता है। इसके लिए दही, एलोवेरा और गुड़हल के फूल (सूखे या ताजे) को पीसकर पेस्ट बना लें। इस मिश्रण को स्कैल्प से लेकर बालों के सिरों तक लगाएं और लगभग 30 मिनट बाद बाल धो लें।
धूप से बालों की सुरक्षा करें
तेज धूप सिर्फ त्वचा ही नहीं बल्कि बालों को भी नुकसान पहुंचा सकती है। इससे बाल कमजोर होकर टूटने लगते हैं और दोमुंहे होने की समस्या बढ़ सकती है। इसलिए बाहर निकलते समय सिर को स्कार्फ, दुपट्टे या टोपी से ढकना बेहतर रहता है। साथ ही बहुत टाइट हेयरस्टाइल बनाने से भी बचना चाहिए।
रोजाना शैंपू करने से बचें
गर्मियों में पसीने के कारण कई लोग रोज बाल धोने लगते हैं, लेकिन इससे बालों का प्राकृतिक तेल खत्म हो सकता है और बाल रूखे हो जाते हैं। बेहतर है कि रोज शैंपू करने के बजाय जरूरत के अनुसार हल्के शैंपू का इस्तेमाल करें और बालों को मैनेज करने के लिए हेयर सीरम लगाएं। इससे बालों में फ्रिजीनेस कम होती है और डैमेज से भी बचाव होता है।
हल्के तेल का इस्तेमाल करें
सर्दियों की तरह गर्मियों में भी बालों को पोषण देने के लिए ऑयलिंग जरूरी होती है। हालांकि इस मौसम में हल्के तेल जैसे जोजोबा ऑयल या बादाम का तेल इस्तेमाल करना बेहतर रहता है। बाल धोने से लगभग एक घंटा पहले तेल लगाना पर्याप्त होता है। गर्मियों में रातभर तेल लगाकर रखने से बचना चाहिए।
‘स्किनिफिकेशन’ बन रहा नया हेयर केयर ट्रेंड
आजकल हेयर केयर में ‘स्किनिफिकेशन’ का ट्रेंड तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। इसमें स्कैल्प की देखभाल भी त्वचा की तरह की जाती है। जब स्कैल्प पर धूल और पसीना ज्यादा जमा हो जाए तो भारी क्रीम की बजाय नेचुरल टोनर का उपयोग किया जा सकता है। जैसे गुड़हल के फूल उबालकर उसके पानी से शैंपू के बाद बाल धोना या चावल के पानी का इस्तेमाल करना। इससे बालों को पोषण मिलता है और स्कैल्प का पीएच बैलेंस बनाए रखने में मदद मिलती है।
ये भी पढ़ें: महिलाओं को इन 5 स्वास्थ्य संकेतों को नहीं करना चाहिए नजरअंदाज, हो सकती हैं गंभीर बीमारियों की वजह

