Holi Floor Cleaning Tips: रंगों का त्योहार होली उमंग, उत्साह और मेल-मिलाप का प्रतीक है। इस दिन हर तरफ रंग-गुलाल की धूम रहती है और लोग एक-दूसरे को रंग लगाकर खुशियां बांटते हैं। हालांकि जश्न के बाद सबसे बड़ी चुनौती होती है घर की सफाई, खासकर फर्श पर जमे रंगों के दाग हटाना। कई बार पक्के और केमिकलयुक्त रंग सूखकर फर्श पर ऐसे चिपक जाते हैं कि सामान्य पानी से उन्हें साफ करना मुश्किल हो जाता है। ऐसे में जरूरी है सही और सुरक्षित तरीकों का इस्तेमाल, ताकि दाग भी हटें और फर्श की चमक भी बरकरार रहे। आइए जानते हैं कुछ आसान घरेलू उपाय, जिनकी मदद से आप होली के रंगों के जिद्दी निशान हटा सकते हैं
बेकिंग सोडा और नींबू का पेस्ट
फर्श पर पड़े रंगों के दाग हटाने के लिए बेकिंग सोडा कारगर घरेलू क्लीनर साबित हो सकता है। इसमें थोड़ा नींबू रस मिलाकर गाढ़ा पेस्ट तैयार करें। इस पेस्ट को दाग वाली जगह पर लगाकर 10–15 मिनट के लिए छोड़ दें। बाद में ब्रश या कपड़े से हल्के हाथों से रगड़कर साफ कर लें। यह तरीका टाइल्स और मार्बल फर्श के लिए खास तौर पर प्रभावी है।
सफेद सिरका से करें सफाई
सफेद सिरका भी दाग हल्का करने में मददगार है। आधी बाल्टी गुनगुने पानी में आधा कप सफेद सिरका मिलाएं और इससे पोछा लगाएं। इससे रंग के निशान धीरे-धीरे हल्के पड़ने लगते हैं और फर्श की खोई हुई चमक लौट आती है।
टूथपेस्ट का इस्तेमाल
टूथपेस्ट सिर्फ दांतों के लिए ही नहीं, बल्कि दाग हटाने में भी काम आ सकता है। दाग वाली जगह पर थोड़ी मात्रा में टूथपेस्ट लगाएं और 10–15 मिनट तक छोड़ दें। इसके बाद ब्रश से हल्का रगड़ें और पानी से साफ कर लें। अंत में गीले कपड़े से पोंछ दें।
डिशवॉश लिक्विड और गर्म पानी
तेल आधारित रंगों के लिए यह तरीका काफी असरदार है। एक बाल्टी गर्म पानी में थोड़ा बर्तन धोने वाला लिक्विड मिलाएं और इससे फर्श की अच्छी तरह सफाई करें। इससे चिकनाई वाले रंग आसानी से हट जाते हैं।
हाइड्रोजन पेरॉक्साइड का हल्का घोल
मार्बल या हल्के रंग के फर्श पर जमे जिद्दी दाग के लिए हाइड्रोजन पेरॉक्साइड का हल्का घोल उपयोगी हो सकता है। इसे दाग पर डालकर कुछ मिनट तक छोड़ दें, फिर साफ कपड़े से पोंछ लें। इससे दाग कम होने लगते हैं और फर्श की चमक भी बनी रहती है।
इन आसान उपायों को अपनाकर आप होली के बाद फर्श पर पड़े रंगों के दाग से छुटकारा पा सकते हैं। ध्यान रखें कि किसी भी क्लीनिंग प्रोडक्ट का इस्तेमाल करने से पहले फर्श के एक छोटे हिस्से पर टेस्ट जरूर कर लें, ताकि उसकी गुणवत्ता पर असर न पड़े।
ये भी पढ़ें: Holi 2026: होली पर बनाएं बिना मैदा और चीनी के गुजिया, जानें आसान रेसिपी

