Vrindavan famous Dishes: रंगों के त्योहार होली में अब कुछ ही दिन शेष हैं। जैसे ही होली का नाम आता है, मन अपने आप मथुरा और वृंदावन की ओर खिंच जाता है। यहां की लठमार होली विश्वभर में प्रसिद्ध है, लेकिन ब्रज की पहचान सिर्फ उत्सव तक सीमित नहीं है। यहां की गलियों में मिलने वाला स्ट्रीट फूड भी उतना ही मशहूर है। अगर आप इस बार होली पर कुछ अलग अनुभव करना चाहते हैं, तो ब्रज के इन खास व्यंजनों का स्वाद जरूर चखें।
मथुरा-वृंदावन में जरूर ट्राई करें ये स्वाद
बेड़ई और आलू की सब्जी
ब्रज में सुबह की शुरुआत अक्सर बेड़ई से होती है। यह खास तरह की कचौड़ी जैसी पूड़ी होती है, जिसे आटे और उड़द दाल के मिश्रण से तैयार किया जाता है। इसे मसालेदार आलू की सब्जी के साथ परोसा जाता है। खास बात यह है कि यहां की सब्जी बिना प्याज-लहसुन के बनती है, फिर भी स्वाद में बेहद लाजवाब होती है।
माखन मिश्री
वृंदावन में कान्हा का प्रिय प्रसाद माखन-मिश्री जरूर चखें। मिट्टी के कुल्हड़ में परोसा गया ताजा सफेद माखन और ऊपर से डाली गई मिश्री का स्वाद भक्ति का अहसास कराता है। मंदिरों में इसे प्रसाद के रूप में भी वितरित किया जाता है।
मथुरा के पेड़े
अगर आप मीठा पसंद करते हैं, तो मथुरा के प्रसिद्ध पेड़े जरूर चखें। खोया, शुद्ध घी और चीनी से बने ये पेड़े हल्के दानेदार होते हैं। ऊपर से इलायची की खुशबू इन्हें और खास बना देती है।
मटका लस्सी
होली की मस्ती के बीच ठंडक देने के लिए मटका लस्सी बेहतरीन विकल्प है। गाढ़े दही, चीनी और कभी-कभी गुलाब सिरप से तैयार इस लस्सी के ऊपर मलाई और ड्राई फ्रूट्स डाले जाते हैं, जो इसे और स्वादिष्ट बना देते हैं।
ठंडाई
ब्रज की होली में ठंडाई का अलग ही महत्व है। दूध, केसर, सौंफ, गुलाब और मेवों से बनी यह पारंपरिक ड्रिंक त्योहार की रौनक बढ़ा देती है और शरीर को ताजगी से भर देती है।
आलू टिक्की चाट
चटपटे स्वाद के शौकीनों के लिए आलू टिक्की चाट बेहतरीन विकल्प है। घी में तली कुरकुरी टिक्की पर दही, इमली की चटनी और हरी चटनी डालकर परोसा जाता है, जो स्वाद का बेहतरीन मेल बनाता है।
जलेबी और रबड़ी
गरमा-गरम जलेबी और ठंडी, गाढ़ी रबड़ी का संगम ब्रज में खास तौर पर पसंद किया जाता है। मीठे का यह कॉम्बिनेशन हर किसी का दिल जीत लेता है।
दही भल्ला
उड़द दाल से बने मुलायम भल्ले जब मीठे दही और मसालेदार चटनी के साथ परोसे जाते हैं, तो उनका स्वाद यादगार बन जाता है।
ये भी पढ़ें: Braj Holi 2026: ब्रज की होली क्यों है इतनी मशहूर, जानिए कब, कहां और कैसे मनाया जाएगा 40 दिनों का रंगोत्सव

