होम = लाइफस्टाइल = ईद की मिठास में छुपा है ज़ायके का राज़! कस्टर्ड से शीर खुरमा तक, इन 5 खास सेवइयों से बनेगा त्योहार यादगार

ईद की मिठास में छुपा है ज़ायके का राज़! कस्टर्ड से शीर खुरमा तक, इन 5 खास सेवइयों से बनेगा त्योहार यादगार

5 Types Of Sewai Recipe For Eid: ईद का नाम आते ही सबसे पहले जिस मिठाई की खुशबू घर-घर फैलती है, वो है सेवई। हर साल वही पारंपरिक स्वाद नहीं, बल्कि इस बार अगर आप कुछ नया और शाही ट्राय करना चाहते हैं, तो ये 5 तरह की सेवई आपकी ईद को बना देंगी खास। कस्टर्ड फ्लेवर की बच्चों वाली सेवई से लेकर नवाबी और शीर खुरमा तक हर रेसिपी में है अलग अंदाज़ और ज़ायका।

  1. किमामी सेवई: नवाबों वाली रॉयल मिठास

किमामी सेवई स्वाद में बेहद रिच और खुशबू में लाजवाब होती है। इसे बनाने के लिए सबसे पहले देसी घी में बादाम, मखाना जैसे ड्राई फ्रूट्स को हल्का सा रोस्ट करें। उसी कढ़ाही में सेवइयों को सुनहरा होने तक भून लें। अब एक अलग पैन में चाशनी तैयार करें और जब वह एक तार की हो जाए, तब उसमें खोया और मिल्क पाउडर मिलाएं। जब मिश्रण अच्छी तरह घुल जाए, तब भुनी सेवई और ड्राई फ्रूट्स डालें। धीमी आंच पर ढककर दम दें और आखिर में केवड़ा जल डालकर गैस बंद कर दें। थोड़ी देर ढककर रखने के बाद सर्व करें स्वाद शाही लगेगा।

  1. नवाबी लेयर्ड सेवई: देखने में खूबसूरत, खाने में बेमिसाल

इस सेवई की खासियत है इसकी लेयरिंग और मलाईदार टेक्सचर। सबसे पहले देसी घी में सेवई भूनें, फिर उसमें पिसी चीनी और मिल्क पाउडर डालकर हल्का सा पकाएं। दूसरी ओर दूध को उबालकर गाढ़ा करें और उसमें चीनी या कंडेंस्ड मिल्क मिलाएं। अब एक कांच के कंटेनर में पहले सेवई की परत, फिर गाढ़े दूध की परत डालें। इसी तरह कई लेयर बनाएं और ऊपर से बादाम, पिस्ता, अखरोट डालें। ठंडा करके परोसें ईद की दावत में सबकी नजर इसी पर टिकेगी।

  1. कस्टर्ड सेवई: बच्चों की फेवरेट स्वीट

अगर घर में बच्चे हैं तो ये रेसिपी जरूर ट्राय करें। सबसे पहले थोड़े से घी में सेवई को हल्का सा भून लें। दूसरी तरफ दूध गर्म करें और थोड़े से ठंडे दूध में कस्टर्ड पाउडर घोलकर उबलते दूध में डाल दें। जब दूध गाढ़ा होने लगे, तब इसमें भुनी सेवई मिलाएं। ऊपर से काजू-बादाम और अनानास, सेब जैसे ट्रॉपिकल फ्रूट्स डालें। कुछ ही मिनटों में तैयार हो जाती है रंगीन और स्वादिष्ट कस्टर्ड सेवई।

  1. शीर खुरमा: ईद की पहचान

ईद और शीर खुरमा का रिश्ता सबसे खास होता है। इसे बनाने के लिए सबसे पहले घी में ड्राई फ्रूट्स भूनें और फिर सेवइयों को हल्का ब्राउन करें।
अब दूध उबालें और लगभग 10 मिनट तक पकाएं ताकि वह थोड़ा गाढ़ा हो जाए। इसमें चीनी, इलायची पाउडर, भुने हुए मेवे और सेवई डालें। 5-6 मिनट पकाने के बाद शीर खुरमा तैयार है। इसे आप गर्म या ठंडा दोनों तरह से परोस सकते हैं।

  1. पानी वाली सेवई: बिना दूध, हल्की और खुशबूदार

अगर आप दूध से परहेज करते हैं, तो ये सेवई आपके लिए परफेक्ट है। सबसे पहले सेवई और ड्राई फ्रूट्स को घी में अच्छी तरह भून लें। अब इसमें इतना पानी डालें कि सेवइयां डूब जाएं और ढककर 3-4 मिनट पकाएं। जब थोड़ा पानी बच जाए, तब इसमें चीनी या गुड़, इलायची पाउडर और मेवे डालें। ध्यान रखें कि घी थोड़ा ज्यादा हो, ताकि सेवई खिली-खिली बने।

इस ईद सिर्फ परंपरा नहीं, एक्सपेरिमेंट भी करें। इन 5 खास सेवई रेसिपीज़ से आपकी ईद की थाली बनेगी और भी खास, और मेहमान पूछते रह जाएंगे “ये किसने बनाई?”

ये भी पढ़ें: डूरंड लाइन पर पाक और अफगान के बीच फिर से गोलीबारी शुरू, तालिबान ने की एयर स्ट्राइक

बंगाल