Eid Shopping in Delhi: ईद का त्योहार खुशियों, रौनक और नई शुरुआत का प्रतीक माना जाता है। इस खास मौके पर घरों में साफ-सफाई के साथ स्वादिष्ट पकवानों की तैयारी और शॉपिंग का उत्साह भी देखने को मिलता है। खासकर महिलाओं और लड़कियों में ईद की खरीदारी को लेकर अलग ही जोश रहता है। नए सूट, स्टाइलिश दुपट्टे और ट्रेंडिंग डिजाइन की तलाश में लोग त्योहार से कई दिन पहले ही बाजारों का रुख करने लगते हैं। दिल्ली जैसे बड़े शहर में शॉपिंग के कई विकल्प मौजूद हैं, लेकिन किफायती और ट्रेंडी चीजें कहां मिलेंगी, यह जानना कई बार मुश्किल हो जाता है।
हालांकि राजधानी में कई मशहूर बाजार हैं, लेकिन ईद की खरीदारी के लिए कुछ ऐसी जगहें भी हैं जो ज्यादा चर्चित नहीं हैं, फिर भी यहां शानदार कलेक्शन मिल जाता है। इन बाजारों में आपको पाकिस्तानी और फारसी स्टाइल के सलवार-सूट से लेकर मॉडर्न डिजाइन तक अच्छे दामों में मिल सकते हैं। अगर आप भी इस ईद पर कुछ नया और स्टाइलिश पहनने की सोच रही हैं, तो दिल्ली की ये 5 हिडेन मार्केट आपके लिए बेहतरीन विकल्प हो सकती हैं।
न्यू सीलमपुर मार्केट है शानदार विकल्प
अगर आप कम बजट में ट्रेंडी कपड़ों की तलाश कर रही हैं, तो न्यू सीलमपुर मार्केट अच्छा ऑप्शन साबित हो सकती है। यह बाजार अपने किफायती और फैशनेबल कपड़ों के लिए जाना जाता है। यहां आपको लेटेस्ट डिजाइन के सूट, अनारकली, पाकिस्तानी स्टाइल कुर्तियां और भारी दुपट्टों का अच्छा कलेक्शन मिल जाता है। खास बात यह है कि यहां कई दुकानों पर होलसेल जैसी कीमतों में बढ़िया क्वालिटी मिलती है। इसी वजह से ईद के समय यहां खरीदारों की भीड़ बढ़ जाती है। इस मार्केट तक पहुंचने के लिए आप सीलमपुर मेट्रो स्टेशन से ऑटो या रिक्शा ले सकती हैं।
दरियागंज मार्केट में भी मिलते हैं अच्छे डिजाइन
दरियागंज मार्केट भी ईद की शॉपिंग के लिए एक बढ़िया जगह मानी जाती है, हालांकि इसके बारे में बहुत कम लोग जानते हैं। यहां कम कीमत में अच्छी क्वालिटी के कपड़े मिल जाते हैं। क्लासिक से लेकर मॉडर्न डिजाइन के सूट यहां आसानी से मिलते हैं। खासतौर पर कॉटन, चिकनकारी और एम्ब्रॉयडरी वर्क वाले सूट ईद के लिए काफी पसंद किए जाते हैं। अगर आप सादगी भरा लेकिन एलिगेंट लुक चाहती हैं, तो यह मार्केट आपके लिए अच्छा विकल्प हो सकता है। इसके अलावा यहां बैग, हील्स और ज्वेलरी जैसी चीजें भी मिल जाती हैं। दिल्ली गेट मेट्रो स्टेशन से रिक्शा लेकर आप यहां पहुंच सकती हैं।
बाटला हाउस मार्केट में दिखती है ईद की खास रौनक
ईद के समय बाटला हाउस मार्केट में अलग ही माहौल देखने को मिलता है। यह बाजार फेस्टिव कलेक्शन के लिए काफी लोकप्रिय है। यहां आपको लेटेस्ट ट्रेंड के शरारा सूट, गरारा सेट और हैवी फेस्टिव ड्रेस की शानदार वैरायटी मिल जाएगी। हर बजट के हिसाब से यहां कपड़ों के विकल्प मौजूद रहते हैं। रेडीमेड सूट के साथ-साथ सिलाई का विकल्प भी यहां आसानी से मिल जाता है। इसके अलावा आउटफिट के साथ मैचिंग हील्स, चूड़ियां और इयररिंग्स जैसी एक्सेसरीज भी यहां से खरीदी जा सकती हैं।
कटरा नील में मिलती है फैब्रिक की बड़ी रेंज
पुरानी दिल्ली का कटरा नील कपड़ों की होलसेल मार्केट के रूप में काफी मशहूर है। यहां तरह-तरह के फैब्रिक की बड़ी वैरायटी मिलती है, जिससे आप अपनी पसंद के मुताबिक सूट तैयार करवा सकती हैं। ईद के समय यहां सिल्क, जॉर्जेट, नेट और हैवी एम्ब्रॉयडरी वाले कपड़ों की काफी डिमांड रहती है। अगर आप खुद डिजाइन चुनकर सूट बनवाना चाहती हैं, तो यह जगह आपके लिए सही साबित हो सकती है। चांदनी चौक या लाल किला मेट्रो स्टेशन से यहां आसानी से पहुंचा जा सकता है।
जाकिर नगर मार्केट भी है अच्छा ऑप्शन
ईद की शॉपिंग के लिए जाकिर नगर मार्केट भी काफी जानी-पहचानी जगह है। यहां ट्रेंडी और फेस्टिव कलेक्शन के सूट, अबाया स्टाइल ड्रेस और स्टाइलिश कुर्तियां आसानी से मिल जाती हैं। खासकर ईद से पहले यहां नई-नई डिजाइन बाजार में आती हैं, जिससे ग्राहकों को लेटेस्ट फैशन अपनाने का मौका मिलता है। यहां बजट से लेकर प्रीमियम रेंज तक कई विकल्प उपलब्ध रहते हैं। जामिया नगर मेट्रो स्टेशन से यह मार्केट काफी नजदीक है।
ये भी पढ़ें: Holi Floor Cleaning Tips: फर्श से नहीं छूट रहा होली का रंग, इन तरीकों से करें क्लीन

