Winter Hydration: ठंड का मौसम शुरू होते ही लोगों की दिनचर्या में बड़ा बदलाव देखने को मिलता है। खुद को गर्म रखने के लिए ज्यादातर लोग चाय और कॉफी का सहारा लेने लगते हैं, लेकिन इस दौरान पानी पीना लगभग भूल जाते हैं। विशेषज्ञों के मुताबिक यह आदत शरीर में पानी की कमी यानी डिहाइड्रेशन की वजह बन सकती है। सर्दियों में वैसे ही प्यास कम लगती है और ऊपर से कैफीन का अधिक सेवन शरीर से पानी को और तेजी से बाहर निकाल देता है। इसका असर त्वचा, ऊर्जा स्तर और संपूर्ण स्वास्थ्य पर पड़ता है।
डिहाइड्रेशन के कारण शरीर ठीक से डिटॉक्स नहीं हो पाता, जिससे अंगों पर अतिरिक्त दबाव पड़ने लगता है। पानी की कमी से त्वचा रूखी हो जाती है और चेहरे, हाथ-पैरों की चमक भी फीकी पड़ने लगती है। ऐसे में जरूरी है कि सर्दियों में भी शरीर को पर्याप्त मात्रा में हाइड्रेट रखा जाए। अगर आप पर्याप्त पानी नहीं पी पाते हैं, तो कुछ आसान तरीकों से इस कमी को पूरा किया जा सकता है।
सुबह की शुरुआत पानी से करें
अक्सर लोग दिनभर पानी पीना भूल जाते हैं, लेकिन अगर सुबह की शुरुआत पानी से हो तो शरीर को काफी फायदा मिलता है। रातभर बिना पानी के रहने से शरीर हल्का डिहाइड्रेट हो जाता है। ऐसे में सुबह उबला हुआ गुनगुना पानी पिएं। चाहें तो इसमें थोड़ा नींबू रस मिला सकते हैं। सुबह खाली पेट आराम से बैठकर घूंट-घूंट पानी पीना ज्यादा असरदार माना जाता है।
मौसमी और रसीले फल अपनाएं
सर्दियों में मिलने वाले मौसमी फल न सिर्फ स्वादिष्ट होते हैं, बल्कि इनमें पानी की मात्रा भी अच्छी होती है। संतरा, अनार, अंगूर, कीवी और स्ट्रॉबेरी जैसे फल शरीर को हाइड्रेट रखने में मदद करते हैं। इसके साथ ही इनमें मौजूद विटामिन, मिनरल्स और एंटीऑक्सीडेंट्स इम्युनिटी को भी मजबूत बनाते हैं।
चाय-कॉफी की जगह हर्बल विकल्प
अगर दिन में कई बार चाय या कॉफी पीने की आदत है, तो इस ब्रेक को हाइड्रेशन टाइम में बदला जा सकता है। बाजार में कई तरह की हर्बल टी उपलब्ध हैं। तुलसी-अदरक, कैमोमाइल या पुदीने की चाय शरीर को गर्म रखने के साथ-साथ हाइड्रेशन भी बनाए रखती है।
सूप को बनाएं डाइट का हिस्सा
सर्दियों में सूप एक बेहतरीन विकल्प है। यह न सिर्फ शरीर को गर्माहट देता है, बल्कि पानी और पोषक तत्वों की कमी भी पूरी करता है। मिक्स वेजिटेबल सूप, टमाटर सूप या मशरूम सूप जैसे विकल्प स्वाद के साथ-साथ सेहत के लिए भी फायदेमंद होते हैं।
पानी पीने के लिए रिमाइंडर लगाएं
अगर सर्दियों में पानी पीना अक्सर भूल जाते हैं, तो मोबाइल में रिमाइंडर लगाना फायदेमंद हो सकता है। जैसे सुबह उठने के लिए अलार्म लगाया जाता है, वैसे ही दिनभर के लिए पानी पीने का अलर्ट सेट करें। इससे धीरे-धीरे आदत बन जाती है और शरीर को पर्याप्त पानी मिलता रहता है।
साफ है कि ठंड के मौसम में भी शरीर को हाइड्रेट रखना उतना ही जरूरी है, जितना गर्मियों में। थोड़ी-सी सावधानी और सही आदतें अपनाकर आप सर्दियों में भी खुद को फिट और एनर्जेटिक रख सकते हैं।
ये भी पढ़ें: बच्चों की जगह पालतू जानवर! जानिए क्यों भारतीय बढ़ रहे हैं Pet Parenting की ओर

