Ganga water supply in Greater Noida: ग्रेटर नोएडा विकास प्राधिकरण ने शहर के सभी सेक्टरों में गंगाजल पहुंचाने की दिशा में काम तेज कर दिया है। प्राधिकरण की ओर से सेक्टर डेल्टा-2 लेबर चौक और ग्रेटर नोएडा वेस्ट के तिगरी क्षेत्र में पाइपलाइन बिछाने का कार्य अंतिम चरण में है। इन कार्यों के पूरा होते ही इस महीने के अंत तक बाकी बचे सेक्टरों में भी गंगाजल की आपूर्ति शुरू होने की उम्मीद है।
ग्रेटर नोएडा विकास प्राधिकरण के सीईओ रवि कुमार एनजी ने बताया कि ग्रेटर नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट के सभी सेक्टरों में चरणबद्ध तरीके से गंगाजल सप्लाई शुरू की जा रही है। अगले एक सप्ताह के भीतर कई नए सेक्टरों को भी इस योजना से जोड़ दिया जाएगा।
तिगरी और डेल्टा-2 क्षेत्र से जुड़ेगी नई पाइपलाइन
प्राधिकरण के अधिकारियों के अनुसार, ग्रेटर नोएडा वेस्ट के तिगरी क्षेत्र में पाइपलाइन बिछाने का काम तेजी से चल रहा है। इसके पूरा होने के बाद गौड़ चौक और आसपास की सोसाइटी तक गंगाजल पहुंचाया जाएगा। वहीं, सेक्टर डेल्टा-2 के पास पाइपलाइन कार्य समाप्त होने पर नॉलेज पार्क-1, 2 और 3, सेक्टर पी-1 से पी-8 और ओमेगा बिल्डर एरिया जैसे क्षेत्रों को भी गंगाजल से जोड़ा जाएगा।
इन सेक्टरों में पहले से मिल रहा गंगाजल
जल विभाग के अनुसार, बीते सप्ताह से सिग्मा-1, सिग्मा-2, सिग्मा-3 और ओमिक्रोन सेक्टरों में गंगाजल की आपूर्ति शुरू हो चुकी है। इसके अलावा अल्फा, बीटा, गामा और डेल्टा जैसे प्रमुख सेक्टरों में पहले से ही गंगाजल दिया जा रहा है। फिलहाल आंशिक रूप से करीब 60 से 70 एमएलडी गंगाजल की सप्लाई की जा रही है।
भूमिगत जलाशयों को किया जा रहा है चालू
गंगाजल परियोजना के तहत शहर में बनाए गए 20 से अधिक भूमिगत जलाशयों (यूजीआर) को सक्रिय करने की तैयारी भी शुरू कर दी गई है। जब तक ये जलाशय पूरी तरह चालू नहीं होते, तब तक सीधे पाइपलाइन के जरिए गंगाजल की आपूर्ति जारी रहेगी। यूजीआर को चालू करने के लिए विद्युतीकरण का काम तेजी से किया जा रहा है।
दूषित पानी की शिकायतों पर कार्रवाई
शहर के कुछ इलाकों में दूषित पेयजल की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जल और सीवर विभाग ने पाइपलाइन लीकेज और सीवर ओवरफ्लो की समस्याओं को दूर करने का अभियान तेज कर दिया है। बीते दो दिनों में 10 से अधिक स्थानों पर लीकेज ठीक की गई है, जिससे पानी की गुणवत्ता में सुधार आने की उम्मीद है।

