होम = Cover Story Latest = ततेरी गाने पर बढ़ा विवादः रैपर बादशाह ने मांगी माफी, बोले- गाना सभी प्लेटफॉर्म से हटाया गया

ततेरी गाने पर बढ़ा विवादः रैपर बादशाह ने मांगी माफी, बोले- गाना सभी प्लेटफॉर्म से हटाया गया

Badshah Tateri song controversy: रैपर और गायक बादशाह इन दिनों अपने नए गाने ‘ततेरी’ को लेकर विवादों में घिर गए हैं। हरियाणा पुलिस ने इस मामले में उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की है और उनके खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। आरोप है कि गाने के म्यूजिक वीडियो में स्कूल यूनिफॉर्म पहनी लड़कियों को हरियाणा रोडवेज की बस में नाचते हुए और आपत्तिजनक इशारे करते हुए दिखाया गया है, जिससे कई लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं।

हरियाणा पुलिस और महिला आयोग ने लिया संज्ञान

शिकायत के बाद हरियाणा पुलिस ने मामला दर्ज किया है। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि यह वीडियो महिलाओं और नाबालिगों को गलत तरीके से प्रस्तुत करता है। इसके अलावा हरियाणा महिला आयोग ने भी इस गाने पर संज्ञान लेते हुए बादशाह को समन जारी किया है। शिकायत पानीपत की सामाजिक संस्था नारी तू नारायणी उत्थान समिति की अध्यक्ष सविता आर्य और शिव आरती इंडिया फाउंडेशन के निदेशक शिव कुमार द्वारा दर्ज कराई गई है। उनका आरोप है कि गाने में इस्तेमाल की गई भाषा और दृश्य सामाजिक व नैतिक सीमाओं का उल्लंघन करते हैं और महिलाओं को वस्तु की तरह दिखाते हैं। उन्होंने आयोग से इस मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है।

बादशाह ने मांगी सार्वजनिक माफी

विवाद बढ़ने के बाद बादशाह ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो जारी कर माफी मांगी। उन्होंने कहा कि उनका किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का कोई इरादा नहीं था। वीडियो में उन्होंने कहा कि वह खुद हरियाणा से हैं और अपनी संस्कृति व पहचान पर गर्व करते हैं। उन्होंने बताया कि उनकी भाषा, खान-पान और जीवनशैली हरियाणा की संस्कृति से जुड़ी हुई है। उन्होंने कहा कि एक हरियाणवी होने के नाते वह कभी भी अपने राज्य की महिलाओं या बच्चों के बारे में अपमानजनक बात नहीं कर सकते।

View this post on Instagram

A post shared by BADSHAH (@badboyshah)

हिप-हॉप शैली का दिया हवाला

बादशाह ने अपनी सफाई में कहा कि वह हिप-हॉप शैली से जुड़े कलाकार हैं, जहां कई बार गीतों में प्रतिद्वंद्वियों को नीचा दिखाने के लिए शब्दों का इस्तेमाल किया जाता है। उनका कहना था कि गीत का उद्देश्य किसी महिला या बच्चे का अपमान करना नहीं था। उन्होंने यह भी कहा कि यदि उनके गाने से किसी को ठेस पहुंची है तो वह दिल से माफी मांगते हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि उन्हें हरियाणा का बेटा समझकर माफ कर दें।

गाने को हटाने का फैसला

विवाद बढ़ने के बाद बादशाह ने घोषणा की कि ‘ततेरी’ गाने को सभी प्लेटफॉर्म से हटाया जा रहा है। उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा कि अगर इस गाने से किसी को दुख पहुंचा है तो वह इसके लिए खेद प्रकट करते हैं।

‘ततेरी’ गाने के बारे में

‘ततेरी’ एक हरियाणवी हिप-हॉप गाना है, जो 1 मार्च 2026 को रिलीज हुआ था। इसे बादशाह ने गाया है और इसके बोल भी उन्होंने ही लिखे हैं। इस गाने में सिमरन जगलान की भी भागीदारी है, जबकि संगीत हितेन ने तैयार किया है। म्यूजिक वीडियो का निर्देशन माही संधू और जोबन संधू ने किया है। हालांकि रिलीज के कुछ ही समय बाद यह गाना सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, लेकिन विवाद के चलते अब यह कानूनी और सामाजिक बहस का विषय बन गया है।

बंगाल