Border 2: 23 जनवरी को सिनेमाघरों में रिलीज़ हुई सनी देओल की फिल्म ‘बॉर्डर 2’ ने आते ही दर्शकों का दिल जीत लिया और बॉक्स ऑफिस पर देशभक्ति की लहर पैदा कर दी। फिल्म के शुरुआती चार दिनों ने रिकॉर्ड तोड़ कमाई दिखाई। हालांकि इसके बाद कुछ कमी आई। लेकिन जैसे ही पहला वीकेंड समाप्त हुआ। फिल्म ने जोरदार वापसी की और दूसरे वीकेंड में वैश्विक स्तर पर शानदार कमाई कर सबको चौंका दिया।
‘बॉर्डर 2’, 1997 में आई सनी देओल की हिट फिल्म ‘बॉर्डर’ का स्पिरिचुअल सीक्वल है। पहले दिन ही फिल्म ने 30 करोड़ रुपये का जबरदस्त ओपनिंग कलेक्शन किया। दूसरे दिन यह बढ़कर 36.5 करोड़, तीसरे दिन 54.5 करोड़ और चौथे दिन 59 करोड़ रुपये तक पहुंच गई। हालांकि सोमवार के बाद कलेक्शन में थोड़ी गिरावट देखने को मिली और पहले मंगलवार को फिल्म ने 20 करोड़ रुपये कमाए। इसके बावजूद, पहले हफ्ते का कुल बॉक्स ऑफिस कलेक्शन 224.25 करोड़ रुपये रहा।
दूसरे वीकेंड में फिल्म ने फिर से रफ्तार पकड़ते हुए दूसरे रविवार तक घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 275.25 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर लिया। सिर्फ भारत ही नहीं, बल्कि वर्ल्डवाइड भी फिल्म ने अपने दबदबे को कायम रखा। रिलीज़ के 10वें दिन तक फिल्म ने दुनियाभर में 374 करोड़ रुपये का शानदार कारोबार कर डाला।
बॉर्डर 2 बॉक्स ऑफिस रिपोर्ट (डे 10)
नेट कलेक्शन: 275.25 करोड़ रुपये
इंडिया ग्रॉस कलेक्शन: 329 करोड़ रुपये
ओवरसीज़ कलेक्शन: 45 करोड़ रुपये
वर्ल्डवाइड कलेक्शन: 374 करोड़ रुपये
फिल्म में सनी देओल, दिलजीत दोसांझ, वरुण धवन और अहान शेट्टी प्रमुख भूमिकाओं में हैं। अनुराग सिंह के निर्देशन में बनी यह वॉर ड्रामा 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध पर आधारित है। कहानी लोंगेवाला की लड़ाई से आगे बढ़कर ऑपरेशन चंगेज़ खान और उत्तर-पश्चिमी सेक्टर में हुई अन्य महत्वपूर्ण लड़ाइयों पर केंद्रित है।
सनी देओल एक बार फिर लेफ्टिनेंट कर्नल फतेह सिंह कलेर के किरदार में लौटे हैं। फिल्म में वह मेजर होशियार सिंह दहिया (वरुण धवन) और दिलजीत दोसांझ समेत अपनी टीम के नेतृत्व में दुश्मनों को करारा जवाब देते हैं।
ये भी पढ़ें: बलूचिस्तान में हमलों से बौखलाया पाकिस्तान, सैन्य कार्रवाई में 150 से ज्यादा बलूच ढेर; इंटरनेट बंद

