Subedaar Trailer: बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता अनिल कपूर हमेशा अपनी एक्टिंग और करिश्माई लुक से दर्शकों का दिल जीतते आए हैं। अब वह ओटीटी प्लेटफॉर्म प्राइम वीडियो पर धमाका करने को तैयार हैं। सोमवार को उनकी अपकमिंग फिल्म ‘सूबेदार’ का ट्रेलर जारी किया गया, जिसमें अनिल का लुक, एक्शन और अंदाज देखकर फैंस चौंक सकते हैं।
‘सूबेदार’ ट्रेलर: एक्शन और इमोशन की भरपूर डोज
‘सूबेदार’ एक एक्शन-पैक फिल्म है, लेकिन इसके साथ इमोशनल कहानी भी दर्शकों को बांधे रखती है। फिल्म में लीड रोल में अनिल कपूर, मोना सिंह और राधिका मदान हैं।
अनिल कपूर इस फिल्म में रिटायर्ड आर्मी ऑफिसर का किरदार निभा रहे हैं, जो एक ऐसे शहर में आते हैं जहां गुंडाराज फैला हुआ है। मोना सिंह खनन माफिया की महिला दीदी की भूमिका में हैं, जिनका भाई निर्दयी है। कहानी तब मोड़ लेती है जब सूबेदार का सामना उनके खिलाफ होता है और शुरू होता है मार-धाड़ और एक्शन का खेल। फिल्म का निर्देशन सुरेश त्रिवेणी ने किया है और अनिल कपूर खुद इस प्रोजेक्ट के को-प्रोड्यूसर भी हैं।
रिलीज डेट और ओटीटी स्ट्रीमिंग
फिल्म ‘सूबेदार’ 5 मार्च 2026 को प्राइम वीडियो पर रिलीज होगी। ट्रेलर के साथ मेकर्स ने रिलीज डेट की घोषणा भी कर दी है। फिल्म में फैसल शेख और सौरभ शुक्ला भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
अनिल कपूर के और प्रोजेक्ट्स
‘सूबेदार’ के अलावा अनिल कपूर कई प्रोजेक्ट्स में व्यस्त हैं। पिछले साल वह फिल्म ‘वॉर 2’ में नजर आए थे। इस साल उनकी फिल्में ‘अल्फा’ और ‘किंग’ भी रिलीज होंगी, जिसमें अनिल के अलावा कई नामी कलाकार भी नजर आएंगे।
ये भी पढ़ें: रणवीर सिंह पहुंचे कर्नाटक हाई कोर्ट, कंतारा विवाद में FIR रद्द कराने की मांग की

