UK Rider Anurag Dobhal Accident: सोशल मीडिया की दुनिया में ‘यूके राइडर’ के नाम से मशहूर और Bigg Boss 17 के चर्चित कंटेस्टेंट Anurag Dobhal को लेकर एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। अनुराग ने कथित तौर पर इंस्टाग्राम लाइव के दौरान अपनी कार तेज रफ्तार में चलाते हुए एक्सप्रेसवे पर क्रैश कर दी। इस घटना के बाद उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां फिलहाल वह ICU में डॉक्टरों की निगरानी में हैं।
बताया जा रहा है कि यह पूरी घटना उस समय हुई जब अनुराग ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर “फाइनल ड्राइव” नाम से लाइवस्ट्रीम शुरू किया था, जिसे हजारों लोग एक साथ देख रहे थे।
लाइवस्ट्रीम में दिखाई ‘आखिरी ड्राइव’
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह घटना Delhi-Meerut Expressway पर गाजियाबाद के मसूरी इलाके के पास हुई। उस समय अनुराग अपनी Toyota Fortuner चला रहे थे और इंस्टाग्राम पर लाइव थे। लाइव वीडियो में वह काफी भावुक नजर आए। आंसू रोकते हुए उन्होंने कहा कि उन्हें जिंदगी में प्यार और सहारे की जरूरत है। उन्होंने अपनी मां को संबोधित करते हुए कहा कि अगर अगले जन्म में लौटूं तो मुझे प्यार जरूर देना।
वीडियो में वह कैमरा घुमाकर अपनी तेज रफ्तार कार भी दिखाते हैं। सोशल मीडिया पर वायरल क्लिप्स के अनुसार कार का स्पीडोमीटर करीब 140 से 150 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार दिखा रहा था। कार क्रैश होने से ठीक पहले अनुराग चिल्लाते हुए कहते हैं “चलो एक फाइनल ड्राइव पर चलते हैं… और यह अलविदा है।” इसके कुछ ही सेकंड बाद उनकी कार एक्सप्रेसवे के बैरियर से जा टकराई।
80 हजार लोग देख रहे थे लाइव
घटना के वक्त इंस्टाग्राम लाइव पर करीब 80,000 से ज्यादा लोग जुड़े हुए थे। कई दर्शक लगातार कमेंट कर उन्हें ऐसा कदम न उठाने की अपील कर रहे थे। लाइव चैट में दिल और रोने वाले इमोजी की बाढ़ भी देखने को मिली। दुर्घटना के बाद यह वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर तेजी से वायरल हो गया।
मैनेजर ने दिया हेल्थ अपडेट
दुर्घटना के बाद अनुराग के मैनेजर ने सोशल मीडिया पर आधिकारिक बयान जारी कर उनकी हालत की जानकारी दी। बयान में कहा गया कि अनुराग फिलहाल अस्पताल में मेडिकल ऑब्जर्वेशन में हैं और डॉक्टर उनकी निगरानी कर रहे हैं।
कुछ समय बाद एक और अपडेट जारी किया गया जिसमें बताया गया कि उन्हें दूसरे अस्पताल में शिफ्ट किया गया है और फिलहाल ICU में रखा गया है। मैनेजर ने फैंस से अपील की कि वे लगातार कॉल करने के बजाय आधिकारिक अपडेट का इंतजार करें। उन्होंने यह भी कहा कि कई फैंस ने उनकी लोकेशन पता लगाने और समय पर मदद पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
कुछ दिनों में दूसरी बार सुसाइड की कोशिश
यह मामला इसलिए भी ज्यादा चर्चा में है क्योंकि इससे कुछ दिन पहले ही अनुराग ने सोशल मीडिया पर एक लंबा नोट शेयर किया था। उस पोस्ट में उन्होंने दावा किया था कि वह मानसिक तनाव और हैरेसमेंट से गुजर रहे हैं। उन्होंने अपने परिवार पर आरोप लगाया था कि उनकी इंटरकास्ट मैरिज को लेकर घर में तनाव है और उनकी पत्नी रितिका को परिवार स्वीकार नहीं कर रहा।अनुराग ने यह भी कहा था कि इसी तनाव के कारण उन्होंने पहले भी आत्महत्या की कोशिश की थी।
हालांकि उनके भाई Kalam Ink ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि यह कहानी पूरी तरह एकतरफा है। उन्होंने आरोप लगाया कि अनुराग सोशल मीडिया पर ध्यान और व्यूज पाने के लिए ऐसी बातें कर रहे हैं।
सोशल मीडिया पर बहस तेज
घटना के बाद सोशल मीडिया पर इस पूरे मामले को लेकर बहस छिड़ गई है। कुछ लोग अनुराग के लिए दुआ कर रहे हैं, जबकि कई यूजर्स यह सवाल उठा रहे हैं कि सोशल मीडिया पर इस तरह के लाइवस्ट्रीम का मानसिक स्वास्थ्य पर क्या असर पड़ सकता है। फिलहाल डॉक्टरों की निगरानी में अनुराग का इलाज जारी है और उनके फैंस उनकी सलामती की दुआ कर रहे हैं।
ये भी पढ़ें: ततेरी गाने पर बढ़ा विवादः रैपर बादशाह ने मांगी माफी, बोले- गाना सभी प्लेटफॉर्म से हटाया गया

